हल्द्वानी। हल्द्वानी के गोला पुल पर आत्महत्या के प्रयास की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। बुधवार शाम एक 20 वर्षीय युवती ने गोला पुल से गोला नदी में छलांग लगा दी। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने बिना देर किए नदी में उतरकर युवती को बाहर निकाला और उसकी जान बचा ली। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल युवती को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि युवती घर में हुए विवाद के बाद नाराज होकर घर से निकली थी। सीओ अमित सैनी के अनुसार बुधवार को सूचना मिली कि एक युवती ने गोला पुल से नदी में छलांग लगा दी है। सूचना मिलते ही कोतवाली बनभूलपुरा प्रभारी निरीक्षक दिनेश फर्त्याल पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। स्थानीय लोगों की मदद से युवती को गोला नदी से सुरक्षित बाहर निकाला गया।
युवती की पहचान मुस्कान (20 वर्ष), पुत्री वसीम, निवासी काबुल गेट, इंदिरा नगर, बनभूलपुरा, हल्द्वानी के रूप में हुई। परिजनों ने पुलिस को बताया कि मुस्कान का अपने भाई से विवाद हुआ था, जिसके बाद वह घर से चली गई और कुछ देर बाद गोला पुल से छलांग लगा दी। पुलिस ने युवती को तत्काल परिजनों के साथ निजी वाहन से उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया, जहां उसका इलाज जारी है। चिकित्सकों की निगरानी में उसकी स्थिति पर नजर रखी जा रही है।गौरतलब है कि गोला पुल पर आत्महत्या और आत्महत्या के प्रयास की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। हाल ही में एक अन्य युवक द्वारा पुल से छलांग लगाने की घटना भी सामने आई थी, जिसमें उसकी मौत हो गई थी। लगातार हो रही घटनाओं के बाद गोला पुल पर सुरक्षा इंतजामों को और मजबूत करने की मांग तेज हो गई है।





