हल्द्वानी। भाजपा द्वारा कांग्रेस के खिलाफ किए जा रहे विरोध प्रदर्शन और पुतला दहन के जवाब में कांग्रेस ने भी मोर्चा खोल दिया है। कांग्रेस अध्यक्ष राहुल छीमवाल के नेतृत्व में पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने पीली कोठी चौराहे पर प्रदर्शन कर भाजपा का पुतला फूंका। इस दौरान कांग्रेस ने भाजपा पर राजनीतिक बौखलाहट में ‘नौटंकी’ करने का आरोप लगाते हुए चेतावनी दी कि विपक्ष के खिलाफ इसी तरह के प्रदर्शन जारी रहे तो कांग्रेस भी चुप नहीं बैठेगी। राहुल छीमवाल ने कहा कि हल्द्वानी में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के नेतृत्व में ऐतिहासिक जनसभा हुई, जिसमें बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और आम लोग शामिल हुए। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस की इस सफल जनसभा से भाजपा में खलबली मची हुई है और इसी बौखलाहट में भाजपा कांग्रेस का पुतला फूंक रही है।
कांग्रेस जिला अध्यक्ष ने भाजपा पर तंज कसते हुए कहा कि ‘खिसियानी बिल्ली खंभा नोचे’ वाली कहावत भाजपा पर पूरी तरह लागू होती है। उन्होंने दावा किया कि भाजपा को अब एहसास हो गया है कि प्रदेश में उसकी सरकार जाने वाली है और कांग्रेस सत्ता में लौटने वाली है, इसलिए भाजपा नेता परेशान नजर आ रहे हैं। राहुल छीमवाल ने भाजपा नेताओं को नसीहत देते हुए कहा कि सत्ता में रहते हुए विपक्ष के पुतले फूंकना लोकतांत्रिक राजनीति की मर्यादा के अनुरूप नहीं है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि भाजपा इसी तरह के प्रदर्शन और राजनीतिक नौटंकी जारी रखती है तो कांग्रेस भी इसका जवाब देगी और विपक्ष किसी भी सूरत में चुप बैठने वाला नहीं है।







