- कांग्रेस नेता ललित जोशी बोले— निजी ठेकेदारों के जरिए जनता पर थोपे जा रहे स्मार्ट मीटर
- सरकार ने फैसला वापस नहीं लिया तो होगा बड़ा जन आंदोलन
हल्द्वानी। स्मार्ट मीटर को लेकर हल्द्वानी में विरोध लगातार तेज होता जा रहा है। राज्य आंदोलनकारी एवं कांग्रेस नेता ललित जोशी ने प्रेस वार्ता कर राज्य सरकार पर जनता की अनदेखी का आरोप लगाते हुए स्मार्ट मीटर योजना को तत्काल रोकने और पूरे मामले की हाईकोर्ट के जज से निष्पक्ष जांच कराने की मांग उठाई। उन्होंने कहा कि यदि सरकार ने समय रहते निर्णय नहीं लिया तो प्रदेशभर में बड़ा जन आंदोलन शुरू किया जाएगा।
प्रेस वार्ता में ललित जोशी ने आरोप लगाया कि निजी ठेकेदार लोगों पर दबाव बनाकर उनके घरों में स्मार्ट मीटर लगा रहे हैं, जबकि आम उपभोक्ता इस व्यवस्था को लेकर असंतोष जता रहे हैं। उन्होंने कहा कि सरकार को पहले जनता की शंकाओं का समाधान करना चाहिए, लेकिन इसके बजाय लोगों पर स्मार्ट मीटर थोपे जा रहे हैं। ललित जोशी ने स्मार्ट मीटर व्यवस्था को जनविरोधी बताते हुए आरोप लगाया कि इसके माध्यम से आम और गरीब उपभोक्ताओं पर आर्थिक बोझ डाला जा रहा है।उन्होंने अडानी ग्रुप पर भी गंभीर आरोप लगाए और कहा कि स्मार्ट मीटर के जरिए करोड़ों रुपये की वसूली की जा रही है। उन्होंने सरकार से इस पूरी प्रक्रिया को तत्काल रोकने, स्वतंत्र न्यायिक जांच कराने और जनता के हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता देने की मांग की। साथ ही चेतावनी दी कि यदि मांगों पर शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो प्रदेशभर में व्यापक जन आंदोलन चलाया जाएगा।







