नैनीताल। सरोवर नगरी नैनीताल के दौरे पर आये मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को अपने चित परिचित अंदाज में ठंडी सड़क पर सुबह की सैर के साथ क्रिकेट खेला। लोगों को मुख्यमंत्री का यह अदांज खूब भाया। खेल प्रेमियों ने मुख्यमंत्री से डीएसए मैदान को दुरुस्त करने और नैनीताल में खेल सुविधाओं के बढ़ाने का प्रस्ताव रखा। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रस्ताव पर अमल किया जाएगा। तत्पश्चात् मुख्यमंत्री ने नैनी झील के किनारे चाय की चुस्कियां ली। इस दौरान उन्होंने लोगों का हालचाल जाना और बातचीत की। सरकार के कार्यों पर भी फीड बैक लिया एवं सुझाव मांगे। मुख्यमंत्री ने पर्यावरण मित्रों से भी मुलाकात कर उनका मनोबल बढ़ाया।

इस दौरान सीएम धामी की मुलाकात कुछ पर्यटकों से हुई। मुख्यमंत्री ने पर्यटकों से भी वार्तालाप की और उन्हें चाय और नाश्ता कराया। मुख्यमंत्री ने कहा कि जनता की आकांक्षाओं पर खरा उतरना उनकी सरकार की प्राथमिकता है। मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार की यह भी कोशिश है कि सरकार की योजनाओं का लाभ पात्र लोगों को मिले। इस दौरान मंडी परिषद के अध्यक्ष डॉक्टर अनिल कपूर डब्बू, जिला अध्यक्ष प्रताप बिष्ट, मंडल अध्यक्ष आनंद बिष्ट एवं दया किशन पोखरिया आदि लोग मौजूद रहे।

