थराली में देर रात बादल फटने से हाहाकार, राहत-बचाव दलों का युद्धस्तर पर अभियान जारी

देहरादून/चमोली। उत्तराखंड के चमोली जनपद के थराली क्षेत्र में देर रात बादल फटने की भयावह घटना ने पूरे इलाके में अफरा-तफरी मचा दी। 22 अगस्त की रात करीब 12:48 बजे टुनरी गदेरे में अचानक पानी का बहाव बढ़ने से तहसील परिसर, चेपड़ो बाजार, कोटद्वीप बाजार और आसपास के घरों में 1 से 2 फीट तक मलबा भर गया। कई वाहन मलबे में दब गए, वहीं ग्राम सगवाड़ा में एक मकान पर मलबा आने से एक लड़की के दबने की दुखद सूचना मिली, जिसे निकालने का प्रयास तेज़ी से जारी है। घटना की जानकारी मिलते ही तहसील प्रशासन, सिविल पुलिस, डी.डी.आर.एफ., फायर सर्विस, एन.डी.आर.एफ. और एस.डी.आर.एफ. की टीमें तुरंत मौके पर रवाना हो गईं। 

थराली में देर रात बादल फटने से हाहाकार, राहत-बचाव दलों का युद्धस्तर पर अभियान जारी

गौचर से एन.डी.आर.एफ. और आई.टी.बी.पी., जबकि ग्वालदम से एस.एस.बी. की टीमें राहत-बचाव कार्य के लिए भेजी गईं। आधे घंटे में एस.डी.आर.एफ. भी थराली पहुंच रही है ताकि मलबे में दबे लोगों और वाहनों को जल्द से जल्द बाहर निकाला जा सके। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इस घटना पर गहरा दुख जताया है और कहा है कि प्रशासन पूरी मुस्तैदी के साथ मौके पर राहत-बचाव कार्यों में जुटा हुआ है। उन्होंने स्थानीय प्रशासन से लगातार संपर्क में रहकर हालात की निगरानी करने की बात कही और प्रभावित परिवारों के सकुशल होने की ईश्वर से प्रार्थना की।

Advertisement

Read more

Local News