- अनुसूचित मोर्चा ने कांग्रेस पर साधा निशाना, बोले—समाज को वोट बैंक नहीं, सम्मान और अधिकार चाहिए
हल्द्वानी। कांग्रेस के सीएम आवास कूच के विरोध में भारतीय जनता पार्टी अनुसूचित जाति मोर्चा ने सोमवार को हल्द्वानी में मोर्चा खोल दिया। स्वर्गीय मुंशी हरिप्रसाद टम्टा पार्क में भाजपा नैनीताल की ओर से ‘सामाजिक सौहार्द संकल्प धरना’ आयोजित किया गया, जिसमें पार्टी के वरिष्ठ नेताओं, जनप्रतिनिधियों और बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं के साथ अनुसूचित समाज के लोगों ने भाग लिया। धरने में कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा, नैनीताल विधायक सरिता आर्या, कालाढूंगी विधायक बंशीधर भगत, लालकुआं विधायक डॉ. मोहन सिंह बिष्ट, मेयर गजराज सिंह बिष्ट, भाजपा जिलाध्यक्ष प्रताप बिष्ट सहित पार्टी के पदाधिकारी और विभिन्न मोर्चों के कार्यकर्ता मौजूद रहे। प्रदर्शन के दौरान भाजपा नेताओं ने सामाजिक समरसता, सौहार्द और एकता का संदेश देते हुए कांग्रेस की राजनीति पर तीखे सवाल उठाए।
कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि कांग्रेस अनुसूचित समाज को केवल वोट बैंक के रूप में इस्तेमाल करती रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा सामाजिक सौहार्द, सम्मान और सभी वर्गों को साथ लेकर चलने की राजनीति में विश्वास करती है। भाजपा नेताओं ने कहा कि समाज में विभाजन पैदा करने के बजाय आपसी भाईचारे और सम्मान को मजबूत करना समय की जरूरत है। धरने के जरिए भाजपा ने कांग्रेस के प्रस्तावित सीएम आवास कूच के खिलाफ अपना विरोध दर्ज कराया। पार्टी नेताओं ने कहा कि अनुसूचित समाज के सम्मान और सामाजिक एकता के मुद्दे पर भाजपा मजबूती से अपनी आवाज उठाती रहेगी। कार्यक्रम के दौरान संगठन की एकजुटता और आगामी राजनीतिक गतिविधियों को लेकर भी कार्यकर्ताओं में उत्साह नजर आया।




