रामनगर। नैनीताल पुलिस ने जिले में अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई करते हुए रामनगर स्थित एक रिसॉर्ट में संचालित किए जा रहे संगठित सेक्स रैकेट का पर्दाफाश किया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देशन में एसओजी और पुलिस लाइन की संयुक्त टीम ने देर रात छापेमारी कर मौके से 52 लोगों को गिरफ्तार किया, जबकि नेपाल, पश्चिम बंगाल और उत्तर प्रदेश की 10 युवतियों को रेस्क्यू कर सुरक्षित संरक्षण में लिया गया। कार्रवाई के दौरान भारी मात्रा में अवैध शराब, नकदी और आपत्तिजनक सामग्री भी बरामद हुई है।
पुलिस के अनुसार रिसॉर्ट में लंबे समय से संगठित रूप से देह व्यापार का अवैध कारोबार संचालित किया जा रहा था। छापेमारी के दौरान यह भी सामने आया कि परिसर में बिना वैध लाइसेंस के बार का संचालन किया जा रहा था। जांच में होटल के कुछ कर्मचारियों की संलिप्तता भी उजागर हुई है, जबकि रिसॉर्ट का मैनेजर कार्रवाई के दौरान फरार हो गया, जिसकी तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही है। पुलिस बरामद दस्तावेजों, इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों और वित्तीय लेन-देन की भी गहन जांच कर रही है, ताकि इस रैकेट के पूरे नेटवर्क का खुलासा किया जा सके।





