हल्द्वानी। गर्मी की छुट्टियों के बाद स्कूल खुलते ही स्कूली बच्चों की सुरक्षा को लेकर परिवहन विभाग ने सख्त रुख अपनाया है। शहरभर में चलाए गए विशेष जांच अभियान के दौरान नियमों का उल्लंघन करने वाली 135 स्कूल बसों का चालान किया गया, जबकि गंभीर अनियमितताएं मिलने पर 10 स्कूल बसों को सीज कर दिया गया।हल्द्वानी में स्कूलों के दोबारा खुलने के साथ ही परिवहन विभाग ने स्कूली वाहनों की सुरक्षा व्यवस्था की व्यापक जांच शुरू कर दी है। संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन) अरविंद पांडे के नेतृत्व में गठित अलग-अलग टीमों ने शहर के विभिन्न क्षेत्रों में स्कूल बसों का सघन निरीक्षण किया। अभियान के दौरान वाहनों के दस्तावेज, फिटनेस, परमिट, अग्निशमन यंत्र, फर्स्ट एड बॉक्स, स्पीड गवर्नर, सीसीटीवी, जीपीएस, आपातकालीन निकास सहित बच्चों की सुरक्षा से जुड़े सभी मानकों की जांच की गई।
जांच में बड़ी संख्या में स्कूल बसों में नियमों का उल्लंघन पाया गया। परिवहन विभाग ने 135 स्कूल बसों के चालान किए, जबकि गंभीर खामियां मिलने पर 10 बसों को सीज कर दिया। विभाग ने स्पष्ट किया कि सुरक्षा मानकों की अनदेखी किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। संभागीय परिवहन अधिकारी अरविंद पांडे ने बताया कि सभी विद्यालयों को निर्देश दिए गए हैं कि स्कूली वाहनों में निर्धारित क्षमता से अधिक बच्चों को न बैठाया जाए और मोटरयान अधिनियम के तहत निर्धारित सभी सुरक्षा मानकों का शत-प्रतिशत पालन किया जाए। उन्होंने कहा कि बच्चों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। आरटीओ ने चेतावनी दी कि स्कूल बसों की जांच का यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। यदि किसी वाहन में नियमों का उल्लंघन या सुरक्षा मानकों में कमी पाई जाती है तो संबंधित स्कूल प्रबंधन और वाहन संचालकों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।







