- बच्चों से मारपीट की सूचना पर पहुंची पुलिस से धक्का-मुक्की, जान से मारने की धमकी, एसएसपी अजय गणपति के निर्देश पर त्वरित कार्रवाई
रुद्रपुर। ऊधम सिंह नगर पुलिस ने ड्यूटी के दौरान पुलिसकर्मियों से मारपीट, सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाने और जान से मारने की धमकी देने के मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति के सख्त निर्देशों के तहत पुलिस ने स्पष्ट संदेश दिया है कि कानून व्यवस्था में बाधा डालने और पुलिस बल पर हमला करने वालों के खिलाफ किसी भी स्तर पर नरमी नहीं बरती जाएगी। पुलिस के अनुसार शनिवार को डायल-112 के माध्यम से सूचना मिली कि झील के समीप कुछ लोग बच्चों के साथ मारपीट कर रहे हैं। सूचना मिलते ही कोतवाली रुद्रपुर से वरिष्ठ उपनिरीक्षक खुशवंत सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे।
पुलिस हस्तक्षेप करने लगी तो वहां मौजूद दो व्यक्तियों ने पुलिसकर्मियों के साथ धक्का-मुक्की, अभद्रता और मारपीट शुरू कर दी। इतना ही नहीं, आरोपियों ने सरकारी कार्य में बाधा डालते हुए पुलिस टीम को जान से मारने की धमकी भी दी। स्थिति को नियंत्रित करते हुए पुलिस ने दोनों आरोपियों को मौके से हिरासत में लेकर कोतवाली रुद्रपुर पहुंचाया। पुलिस की तहरीर के आधार पर दोनों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 115(2), 121(1), 351(2) और 352 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों के विरुद्ध नियमानुसार आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान गुरप्रीत सिंह (27), निवासी प्रीत विहार, रुद्रपुर (मूल निवासी पंजाब) तथा सुरजीत कुमार (28), निवासी बेस पड़ेमा, थाना जहानाबाद, जनपद पीलीभीत (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है। पुलिस अधिकारियों ने दोहराया कि कानून व्यवस्था बनाए रखने में बाधा उत्पन्न करने और पुलिस बल पर हमला करने वालों के खिलाफ भविष्य में भी इसी तरह कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी।






