देहरादून। भारी से अत्यधिक भारी बारिश के रेड अलर्ट को देखते हुए जिला प्रशासन ने एहतियाती कदम उठाए हैं। छात्र-छात्राओं की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने 10 जुलाई (शुक्रवार) को कक्षा 1 से 12 तक के सभी सरकारी, अशासकीय और निजी विद्यालयों के साथ-साथ सभी आंगनबाड़ी केंद्रों में एक दिन का अवकाश घोषित कर दिया है। भारत मौसम विज्ञान विभाग और नेशनल डिजास्टर अलर्ट पोर्टल द्वारा जारी ताजा मौसम पूर्वानुमान के अनुसार 10 जुलाई को जनपद देहरादून में कई स्थानों पर भारी से अत्यधिक भारी वर्षा, आकाशीय बिजली गिरने तथा तेज बारिश होने की संभावना जताई गई है। खराब मौसम की आशंका को देखते हुए मौसम विभाग ने जिले के लिए रेड अलर्ट जारी किया है।

मौसम विभाग की चेतावनी के बाद जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने विद्यार्थियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए जनपद के कक्षा 1 से 12 तक संचालित सभी सरकारी, अशासकीय और निजी विद्यालयों के साथ-साथ सभी आंगनबाड़ी केंद्रों में 10 जुलाई को एक दिवसीय अवकाश घोषित किया है। जिला प्रशासन ने सभी शिक्षण संस्थानों को आदेश का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही अभिभावकों और आम नागरिकों से भी अपील की गई है कि खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचें, नदी-नालों और जलभराव वाले क्षेत्रों से दूर रहें तथा प्रशासन और मौसम विभाग द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें।







