देहरादून। उत्तराखंड में लगातार बिगड़ते मौसम और भारी बारिश की चेतावनी के बीच चार जिलों में जिला प्रशासन ने एहतियाती कदम उठाए हैं। मौसम विभाग के रेड और ऑरेंज अलर्ट को देखते हुए देहरादून, नैनीताल, बागेश्वर और पौड़ी गढ़वाल में 10 जुलाई (शुक्रवार) को कक्षा 1 से 12 तक के सभी सरकारी, अर्द्धसरकारी और निजी विद्यालयों के साथ-साथ सभी आंगनबाड़ी केंद्रों में एक दिन का अवकाश घोषित कर दिया गया है। भारत मौसम विज्ञान विभाग, देहरादून द्वारा जारी ताजा मौसम पूर्वानुमान के अनुसार राज्य के कई हिस्सों में भारी से अत्यंत भारी वर्षा, आकाशीय बिजली और अत्यंत तीव्र वर्षा की संभावना जताई गई है। इसके मद्देनजर संबंधित जिलों के प्रशासन ने छात्रों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए शैक्षणिक संस्थानों को बंद रखने का निर्णय लिया है। देहरादून में जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने रेड अलर्ट के मद्देनजर कक्षा 1 से 12 तक के सभी सरकारी, गैर सरकारी और निजी विद्यालयों तथा सभी आंगनबाड़ी केंद्रों में 10 जुलाई को अवकाश घोषित किया है। प्रशासन ने कहा है कि लगातार वर्षा और खराब मौसम के कारण किसी भी अप्रिय घटना की आशंका को देखते हुए यह फैसला लिया गया है।
नैनीताल में जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने मौसम विभाग की चेतावनी और जिले में लगातार हो रही बारिश को देखते हुए सभी सरकारी, अर्द्धसरकारी और निजी विद्यालयों के साथ-साथ सभी आंगनबाड़ी केंद्रों में एक दिवसीय अवकाश घोषित किया है। प्रशासन ने चेतावनी दी है कि लगातार वर्षा के कारण नदियों, नालों और गधेरों में जलस्तर बढ़ने तथा संवेदनशील क्षेत्रों में भूस्खलन का खतरा बना हुआ है। आदेश का पालन नहीं करने वाले संस्थानों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। बागेश्वर में भी ऑरेंज अलर्ट के मद्देनजर जिलाधिकारी अपूर्वा पांडे ने कक्षा 1 से 12 तक के सभी विद्यालयों और आंगनबाड़ी केंद्रों को बंद रखने के निर्देश दिए हैं। वहीं पौड़ी गढ़वाल में जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया ने गर्जन, आकाशीय बिजली और भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना को देखते हुए जिले के सभी शैक्षणिक संस्थानों और आंगनबाड़ी केंद्रों में अवकाश घोषित किया है। जिला प्रशासनों ने मुख्य शिक्षा अधिकारियों और जिला कार्यक्रम अधिकारियों को आदेशों का शत-प्रतिशत पालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए हैं। साथ ही आम नागरिकों से अपील की गई है कि खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचें, नदी-नालों और भूस्खलन संभावित क्षेत्रों से दूर रहें तथा प्रशासन और मौसम विभाग द्वारा जारी एडवाइजरी का पालन करें।







