हल्द्वानी। हल्द्वानी के तीनपानी बाईपास पर लगातार हो रही सड़क दुर्घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने सड़क सुरक्षा को लेकर बड़ा एक्शन प्लान तैयार किया है। ब्लैक स्पॉट सुधारने से लेकर एलईडी स्ट्रीट लाइट, रम्बल स्ट्रिप, कैमरे और रॉन्ग साइड वाहन चालकों पर सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने सड़क हादसों की बढ़ती घटनाओं पर कड़ा रुख अपनाते हुए संबंधित विभागों को ब्लैक स्पॉट का तत्काल सुधार, साइनेज, स्पीड ब्रेकर और अन्य सुरक्षा उपाय समयबद्ध तरीके से लागू करने के निर्देश दिए। विशेष रूप से तीनपानी बाईपास पर लगातार हो रहे हादसों को देखते हुए उन्होंने रात के समय दृश्यता बढ़ाने के लिए सेंसर युक्त एलईडी स्ट्रीट लाइट, रिफ्लेक्टिव साइन बोर्ड, सीसीटीवी कैमरे और अतिरिक्त रम्बल स्ट्रिप लगाने के निर्देश मौके पर ही एनएच और एनएचएआई अधिकारियों को दिए।

जिलाधिकारी ने कहा कि पीक आवर्स में तीनपानी बाईपास पर पुलिस और परिवहन विभाग की विशेष तैनाती की जाएगी। रॉन्ग साइड वाहन चलाने वालों के खिलाफ चालान, लाइसेंस निलंबन, वाहन सीज करने के साथ भारतीय न्याय संहिता की धारा 281 के तहत सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी ताकि दुर्घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके। बैठक में दुर्घटना संभावित मार्गों पर क्रैश बैरियर, चेतावनी बोर्ड, पैराफिट निर्माण और गति नियंत्रण के उपाय तत्काल लागू करने के निर्देश भी दिए गए। साथ ही कोसी, अमृतपुर और गौला क्षेत्र में खनिज वाहनों से क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत के लिए स्वीकृत धनराशि से कार्य शीघ्र शुरू करने को कहा गया।जिलाधिकारी ने प्रधानमंत्री राहत योजना की जानकारी देते हुए बताया कि सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्ति को दुर्घटना के बाद सात दिनों तक 1.5 लाख रुपये तक का कैशलेस उपचार उपलब्ध कराया जाता है। वहीं सड़क सुरक्षा पखवाड़े के तहत उन्होंने स्वयं सड़क पर उतरकर बिना हेलमेट दोपहिया चालकों को हेलमेट वितरित किए और लोगों से यातायात नियमों का पालन कर सुरक्षित सफर करने की अपील की।






