- सीबीआई ने 50 हजार रुपये की रिश्वत लेते एक एजेंट को रंगे हाथ पकड़ा
- लोन पास कराने के नाम पर मांगी गई थी 5 फीसदी कमीशन की रकम
देहरादून। बैंक से 1.80 करोड़ रुपये का लोन स्वीकृत और वितरित कराने के बदले नौ लाख रुपये की रिश्वत मांगने के मामले में सीबीआई ने बड़ी कार्रवाई की है। सीबीआई ने बैंक ऑफ बड़ौदा की इंदिरा नगर शाखा के शाखा प्रबंधक और दो डायरेक्ट सेलिंग एजेंट (डीएसए) को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि आरोपियों ने लोन की रकम का पांच प्रतिशत बतौर रिश्वत मांगा था।सीबीआई के अनुसार, इस मामले में 18 नवंबर 2026 को शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज किया गया था। शिकायतकर्ता ने बैंक की इंदिरा नगर शाखा में 1.80 करोड़ रुपये के लोन के लिए आवेदन किया था। आरोप है कि लोन स्वीकृत कराने और राशि जारी कराने के एवज में आरोपियों ने नौ लाख रुपये की मांग की थी। इसमें से 2.50 लाख रुपये पहले ही नकद लिए जा चुके थे, जबकि शेष 6.50 लाख रुपये देने का दबाव बनाया जा रहा था।

सीबीआई के मुताबिक, आरोपियों के कहने पर शिकायतकर्ता ने 3.80 लाख और 2.20 लाख रुपये के दो बिना तारीख वाले चेक दिए थे और शेष 50 हजार रुपये नकद देने की बात कही थी। 18 नवंबर को सीबीआई ने जाल बिछाकर एक डीएसए को 50 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथ पकड़ लिया। इसके बाद बैंक शाखा प्रबंधक और एक अन्य डीएसए को भी मामले में कथित संलिप्तता के आरोप में गिरफ्तार किया गया। सीबीआई ने गिरफ्तार तीनों आरोपियों के आवासीय परिसरों पर तलाशी लेकर आपत्तिजनक दस्तावेज और नकदी भी जब्त की है। तीनों आरोपियों को देहरादून स्थित सक्षम न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। पुलिस कस्टडी रिमांड के आवेदन पर 23 नवंबर को सुनवाई होगी। मामले में सीबीआई की आगे की जांच जारी है।

