पुलिस का सड़क सुरक्षा अभियान तेज, 251 वाहनों के चालान, 10 सीज

  • स्कूली बच्चों की सुरक्षा के लिए बसों की भी हुई जांच
  • 20 बसों का निरीक्षण कर चार के चालान
  • सात चालकों के डीएल निरस्तीकरण की कार्रवाई

हल्द्वानी। सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित करने के लिए नैनीताल पुलिस ने जिलेभर में विशेष चेकिंग अभियान तेज कर दिया है। 16 नवंबर से चल रहे सड़क सुरक्षा सप्ताह के तहत पुलिस ने अब तक 251 वाहनों के चालान किए हैं, जबकि नियमों के उल्लंघन पर 10 वाहनों को सीज किया गया है। इसके साथ ही सात वाहन चालकों के ड्राइविंग लाइसेंस निरस्त करने की कार्रवाई भी शुरू की गई है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देशन में चलाए जा रहे इस अभियान के दौरान स्कूली बच्चों को लाने-ले जाने वाले वाहनों पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। पुलिस ने 20 स्कूल बसों की जांच की, जिनमें अनियमितताएं मिलने पर चार बसों के चालान किए गए। 

पुलिस का सड़क सुरक्षा अभियान तेज, 251 वाहनों के चालान, 10 सीज

अभियान के दौरान कुल 33 हजार रुपये का संयोजन शुल्क भी वसूला गया। चेकिंग के दौरान पुलिस स्कूल बसों, वैन, कैब और यात्री वाहनों के पंजीकरण, फिटनेस, परमिट, बीमा और चालकों के ड्राइविंग लाइसेंस की वैधता जांच रही है। इसके अलावा वाहनों की निर्धारित क्षमता, आपातकालीन निकास द्वार, अग्निशमन यंत्र, प्राथमिक चिकित्सा किट और अन्य अनिवार्य सुरक्षा उपकरणों की उपलब्धता भी परखी जा रही है। एसएसपी ने सभी थाना प्रभारियों और यातायात पुलिस को अभियान गंभीरता से जारी रखने तथा स्कूली बच्चों के परिवहन में लगे वाहनों की नियमित जांच सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। पुलिस ने वाहन चालकों और संचालकों से आवश्यक दस्तावेज पूरे रखने तथा निर्धारित सुरक्षा मानकों का पालन करने की अपील की है।

Advertisement

Read more

Local News