- राज्यपाल डॉ. ढाल सिंह बिसेन ने आठ शोधार्थियों को पीएचडी और 36 मेधावियों को स्वर्ण पदक से किया सम्मानित, अश्वनी लोहनी को मानद उपाधि
हल्द्वानी। उत्तराखंड मुक्त विश्वविद्यालय का 11वां दीक्षांत समारोह बुधवार को गरिमामय माहौल में आयोजित किया गया। समारोह में राज्यपाल एवं विश्वविद्यालय के कुलाधिपति डॉ. ढाल सिंह बिसेन ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत करते हुए आठ शोधार्थियों को पीएचडी की उपाधि और 36 मेधावी विद्यार्थियों को स्वर्ण पदक प्रदान किए। शैक्षणिक सत्र 2025-26 के तहत कुल 14,857 शिक्षार्थियों को डिजिलॉकर के माध्यम से उपाधियां प्रदान की गईं। वहीं, प्रख्यात प्रशासनिक एवं प्रबंधकीय विशेषज्ञ तथा भारतीय रेल सेवा के सेवानिवृत्त अधिकारी अश्वनी लोहनी को मानद उपाधि से सम्मानित किया गया।

समारोह में उच्च शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत और NAAC की कार्यकारी समिति के अध्यक्ष एवं विश्वविद्यालय के पूर्व कुलपति प्रो. नागेश्वर राव विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे। कुलपति प्रो. नवीन चंद्र लोहनी ने विश्वविद्यालय की शैक्षणिक उपलब्धियों और प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत करते हुए बताया कि विश्वविद्यालय 94 शैक्षणिक कार्यक्रमों के माध्यम से आठ क्षेत्रीय केंद्रों और 144 अध्ययन केंद्रों के जरिए उच्च शिक्षा उपलब्ध करा रहा है। राज्यपाल ने विद्यार्थियों से शिक्षा को समाज और राष्ट्र की सेवा से जोड़ने तथा विकसित भारत के संकल्प में योगदान देने का आह्वान किया। उच्च शिक्षा मंत्री ने नई शिक्षा नीति, शोध, नवाचार और रोजगारपरक शिक्षा पर जोर दिया। समारोह में विश्वविद्यालय की पत्रिका ‘उड़ान’ का विमोचन भी किया गया तथा उत्कृष्ट शैक्षणिक एवं शोध कार्यों के लिए प्राध्यापकों को सम्मानित किया गया।

