हरिद्वार में अवैध असलहा तस्करी गिरोह का भंडाफोड़, मुठभेड़ में बदमाश को लगी गोली

  • बहादराबाद पुलिस ने चार आरोपियों को दबोचा
  • पांच पिस्टल, एक तमंचा और सात जिंदा कारतूस बरामद
  • पुलिस टीम पर फायरिंग के बाद गन्ने के खेत में हुई मुठभेड़

हरिद्वार। जनपद में अवैध हथियारों की खरीद-फरोख्त करने वाले गिरोह के खिलाफ बहादराबाद पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए गिरोह के चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इस दौरान एक आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी, जिसके जवाब में हुई पुलिस कार्रवाई में उसके बाएं पैर में गोली लग गई। घायल आरोपी को पुलिस अभिरक्षा में जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे और उनकी निशानदेही पर पांच अवैध .32 बोर पिस्टल, एक .315 बोर तमंचा और सात जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। पुलिस के अनुसार, 15 नवंबर को प्रभारी निरीक्षक अमरजीत सिंह के नेतृत्व में बहादराबाद पुलिस क्षेत्र में चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि दिल्ली की ओर से कुछ लोग बौंगला तिराहे पर अवैध असलहों की खरीद-फरोख्त के लिए पहुंचने वाले हैं। सूचना पर पुलिस ने घेराबंदी की। कुछ देर बाद एक व्यक्ति पैदल और दो लोग मोटरसाइकिल से मौके पर पहुंचे। पुलिस ने दो संदिग्धों को पकड़ लिया, जबकि मुकुल पाल भागकर गन्ने के खेत में घुस गया।

हरिद्वार में अवैध असलहा तस्करी गिरोह का भंडाफोड़, मुठभेड़ में बदमाश को लगी गोली

पुलिस का दावा है कि पीछा करने पर मुकुल पाल ने पुलिस टीम पर जानलेवा फायरिंग की। आत्मसमर्पण की चेतावनी के बावजूद दोबारा गोली चलाने पर पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें उसके बाएं पैर में गोली लगी। तलाशी में मुकुल के पास से दो .32 बोर पिस्टल और एक मोबाइल फोन, जबकि भूपेन्द्र के कब्जे से .315 बोर का तमंचा बरामद हुआ। वहीं, विशाल कुमार की निशानदेही पर बौंगला गांव के पास पीठ बाजार के सामने आम के बाग में खड़ी बुलेट मोटरसाइकिल की सीट के नीचे छिपाई गई दो पिस्टल और चार कारतूस बरामद किए गए। पुलिस ने 16 नवंबर की रात ग्राम बडैड़ी फ्लाईओवर के नीचे चेकिंग के दौरान चौथे आरोपी प्रशांत कुमार को भी गिरफ्तार कर लिया। उसके पास से एक .32 बोर पिस्टल और दो जिंदा कारतूस मिले। इस तरह पुलिस ने कुल चार आरोपियों को गिरफ्तार कर कथित असलहा तस्करी गिरोह का पर्दाफाश किया है।

Advertisement

हरिद्वार में अवैध असलहा तस्करी गिरोह का भंडाफोड़, मुठभेड़ में बदमाश को लगी गोली

कार्रवाई में दो मोटरसाइकिल और तीन मोबाइल फोन भी बरामद किए गए हैं। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मुकुल पाल निवासी ग्राम बमौरी, थाना सरधना, मेरठ, भूपेन्द्र निवासी ग्राम मंसूरपुर जोहरा, मुजफ्फरनगर, विशाल कुमार निवासी बहादराबाद और प्रशांत कुमार निवासी दादूपुर गोविंदपुर, रानीपुर, हरिद्वार के रूप में हुई है। पुलिस ने मुकुल पाल के खिलाफ बीएनएस की धारा 109(1) और आयुध अधिनियम की धारा 3/25 तथा अन्य तीन आरोपियों के खिलाफ आयुध अधिनियम की धारा 3/25 के तहत मुकदमा दर्ज किया है। एसएसपी हरिद्वार के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान के तहत हुई इस कार्रवाई में बहादराबाद पुलिस के साथ सीआईयू रुड़की की टीम भी शामिल रही। पुलिस अब गिरोह के नेटवर्क और अवैध हथियारों की खरीद-फरोख्त से जुड़े अन्य संपर्कों की जानकारी जुटा रही है।

Read more

Local News