- ट्रामाडोल और अल्प्राजोलम की अवैध बिक्री का खुलासा
- दूसरे मेडिकल स्टोर का लाइसेंस निरस्त करने की कार्रवाई और दुकान सील
काशीपुर। नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ कुमाऊं एसओटीएफ ने बड़ी कार्रवाई करते हुए आईटीआई थाना क्षेत्र के खड़गपुर देवीपुरा स्थित दो मेडिकल स्टोरों पर छापेमारी की। संयुक्त टीम ने दोनों दुकानों से ट्रामाडोल और अल्प्राजोलम की कुल 3,207 प्रतिबंधित टैबलेट बरामद की हैं। एक मेडिकल स्टोर संचालक के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है, जबकि दूसरे स्टोर का लाइसेंस निरस्त करने की कार्रवाई के साथ उसे सील कर दिया गया। आईजी कुमाऊं निवेदिता कुकरेती के निर्देशन में 30 अक्टूबर की देर शाम एसओटीएफ कुमाऊं, आईटीआई थाना पुलिस और औषधि विभाग की संयुक्त टीम ने मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई की। पुलिस के अनुसार, रोहित कुमार के कृष्णा मेडिकल स्टोर से 2,344 ट्रामाडोल और 600 अल्प्राजोलम की टैबलेट बरामद हुईं। कुल 2,944 टैबलेट मिलने पर उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट में मुकदमा दर्ज किया गया।

पुलिस के मुताबिक, आरोपी के विरुद्ध पूर्व में भी एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज हो चुका है। वहीं, घनश्याम सिंह के राधिका मेडिकल स्टोर से 124 ट्रामाडोल और 139 अल्प्राजोलम की टैबलेट बरामद की गईं। इस मामले में औषधि निरीक्षक ने मेडिकल स्टोर का लाइसेंस निरस्त करने की कार्रवाई की, जबकि तहसीलदार ने दुकान को सील कर दिया। आईजी निवेदिता कुकरेती ने स्पष्ट किया कि प्रतिबंधित दवाओं की अवैध बिक्री और नशे के कारोबार में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। उन्होंने कहा कि युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। संयुक्त कार्रवाई में एसओटीएफ कुमाऊं की टीम, आईटीआई थाने के उपनिरीक्षक बसंत पंत, कांस्टेबल धर्मेंद्र भारती और औषधि निरीक्षक नीरज कुमार की टीम शामिल रही।
