- मेयर गजराज बिष्ट ने ऑनलाइन माध्यम से हस्तांतरित की धनराशि
- आवास निर्माण में तेजी लाने के दिए निर्देश
हल्द्वानी। प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) 2.0 के तहत हल्द्वानी नगर निगम क्षेत्र के 182 लाभार्थियों के बैंक खातों में दूसरी किश्त के रूप में एक-एक लाख रुपये की धनराशि ऑनलाइन हस्तांतरित की गई। शुक्रवार को नगर निगम सभागार में आयोजित कार्यक्रम के दौरान यह राशि सीधे लाभार्थियों के खातों में भेजी गई। मेयर गजराज सिंह बिष्ट ने बताया कि प्रथम किश्त का सदुपयोग करने वाले पात्र लाभार्थियों को दूसरी किश्त जारी की गई है, जिससे उनके आवास निर्माण कार्य में तेजी आ सके। उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार का उद्देश्य प्रत्येक पात्र परिवार को सुरक्षित एवं पक्का आवास उपलब्ध कराना है।

लाभार्थियों से निर्धारित मानकों के अनुसार धनराशि का उपयोग करते हुए समयबद्ध तरीके से निर्माण कार्य पूरा करने की अपील की गई। मेयर ने स्पष्ट किया कि योजना की सहायता राशि बिचौलियों या स्थानीय निकायों के माध्यम से नहीं, बल्कि सीधे लाभार्थियों के बैंक खातों में डीबीटी के जरिए भेजी जाती है। उन्होंने लाभार्थियों को बधाई देते हुए उम्मीद जताई कि जल्द ही उनका पक्के घर का सपना साकार होगा। कार्यक्रम में सामाजिक विकास अधिकारी सुरेश अधिकारी, सहायक अभियंता नवल नौटियाल, पार्षद सचिन, रवि जोशी सहित लाभार्थी मौजूद रहे।
