- बद्रीनाथ से सहस्त्रधारा जा रहा था ट्रांस भारत एविएशन का हेलीकॉप्टर
- एसडीआरएफ और सेना ने संभाला रेस्क्यू मोर्चा
चमोली। उत्तराखंड के चमोली जिले में जोशीमठ के चाईं गांव के पास शुक्रवार को हेलीकॉप्टर हादसे की सूचना से हड़कंप मच गया। बद्रीनाथ से देहरादून के सहस्त्रधारा हेलीपोर्ट के लिए उड़ान भरने वाले ट्रांस भारत एविएशन के हेलीकॉप्टर में पायलट समेत छह लोग सवार थे। सूचना मिलते ही जिला प्रशासन, एसडीआरएफ और सेना की टीमें रेस्क्यू अभियान के लिए रवाना हो गईं। जोशीमठ पुलिस को एसडीएम के माध्यम से दोपहर 2:21 बजे हेलीकॉप्टर की क्रैश लैंडिंग की सूचना मिली थी। यूकाडा कर्मचारियों के अनुसार, हेलीकॉप्टर की लोकेशन चाईं गांव के ऊपर आर्मी कैंप के पास दिखाई दे रही थी। इसके बाद एसडीआरएफ की जोशीमठ और पांडुकेश्वर टीमें दोपहर 2:24 बजे घटनास्थल के लिए रवाना हुईं।
उत्तराखंड नागरिक उड्डयन विकास प्राधिकरण (यूकाडा) के सीईओ प्रतीक जैन के मुताबिक, हेलीकॉप्टर ने दोपहर 1:14 बजे बद्रीनाथ से उड़ान भरी थी, लेकिन जोशीमठ घाटी के आसपास से गुजरने के बाद उसका संपर्क और लोकेशन ट्रेस नहीं हो पा रही थी। एहतियातन ट्रांस भारत एविएशन के पूरे हेलीकॉप्टर बेड़े को ग्राउंडेड कर दिया गया है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भी घटना पर चिंता जताते हुए सोशल मीडिया पर पोस्ट करते हुए कहा कि जिला प्रशासन, आपदा प्रबंधन विभाग और एसडीआरएफ संयुक्त रूप से रेस्क्यू ऑपरेशन चला रहे हैं। उन्होंने पूरे घटनाक्रम की लगातार निगरानी करने और गंभीर रूप से घायलों को तत्काल एयरलिफ्ट कर बेहतर उपचार के लिए हायर सेंटर पहुंचाने के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री ने यात्रियों के सकुशल होने की कामना की है।
