- रोडवेज स्टेशन से मंगल पड़ाव तक हटवाई गईं अवैध रेहड़ी-ठेलियां
- यातायात व्यवस्था सुधारने के लिए पुलिस का सघन अभियान
हल्द्वानी। शहर की बिगड़ती यातायात व्यवस्था को सुचारू और सुरक्षित बनाने के लिए नैनीताल पुलिस ने सख्त रुख अपनाते हुए व्यापक चेकिंग अभियान चलाया। एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देश पर की गई इस कार्रवाई में नियमों का उल्लंघन कर संचालित हो रही तीन वोल्वो बसों को सीज किया गया, जबकि यातायात नियमों के उल्लंघन और यातायात बाधित करने के मामलों में 73 वाहनों के चालान किए गए। इसके साथ ही रोडवेज बस स्टेशन से मंगल पड़ाव तक सड़क किनारे लगी अवैध रेहड़ी-ठेलियों को भी हटवाया गया। एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी ने बीते दिवस मासिक अपराध गोष्ठी के दौरान जिले के सभी थाना प्रभारियों, सीपीयू और यातायात प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में यातायात व्यवस्था दुरुस्त करने के लिए विशेष अभियान चलाने और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए थे।

इसी क्रम में एसपी यातायात डॉ. जगदीश चंद्र के पर्यवेक्षण में यातायात निरीक्षक हल्द्वानी भूपेश पांडेय और सीपीयू प्रभारी जगदीश राम के नेतृत्व में यातायात पुलिस व सीपीयू की संयुक्त टीम ने शहर के व्यस्त और संवेदनशील मार्गों पर चेकिंग अभियान चलाया। अभियान के दौरान अलग-अलग स्थानों पर नियमों का उल्लंघन कर संचालित की जा रही तीन वोल्वो बसों को सीज किया गया। वहीं, ओवरलोडिंग, यातायात नियमों की अनदेखी और सड़क पर आवागमन बाधित करने वाले कुल 73 वाहनों के चालान कर नियमानुसार कार्रवाई की गई। पुलिस ने सड़क किनारे अवैध रूप से लगाई गई रेहड़ी-ठेलियों को हटवाकर पैदल यात्रियों और वाहन चालकों के लिए रास्ता सुगम बनाने का प्रयास किया। नैनीताल पुलिस ने वाहन चालकों और आम जनता से यातायात नियमों का पालन करने तथा सड़कों पर अवैध अतिक्रमण न करने की अपील की है। पुलिस के अनुसार, शहर में यातायात व्यवस्था को सुचारू, सुरक्षित और व्यवस्थित बनाए रखने के लिए इस तरह के अभियान आगे भी जारी रहेंगे।
