- दूध, मावा, पनीर और घी की आपूर्ति करने वाले वाहनों पर रहेगी खास नजर
- मिठाई की दुकानों और डेयरियों से लिए जाएंगे नमूने
हल्द्वानी। दीपावली के त्योहार पर मिलावटी खाद्य पदार्थों की बिक्री रोकने के लिए नैनीताल जिला प्रशासन ने सख्ती बढ़ा दी है। जिले में 21 अक्टूबर से 10 नवंबर 2026 तक विशेष जांच अभियान चलाया जाएगा। इसके तहत मिठाई की दुकानों, डेयरियों, थोक मंडियों और खाद्य प्रतिष्ठानों का औचक निरीक्षण कर संदिग्ध खाद्य पदार्थों के नमूने लिए जाएंगे। मिलावट या दूषित खाद्य पदार्थों की बिक्री पाए जाने पर संबंधित कारोबारियों के खिलाफ खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के तहत कार्रवाई की जाएगी। जिलाधिकारी के आदेश पर उपजिलाधिकारियों की अध्यक्षता में समितियों का गठन किया गया है। इनमें संबंधित क्षेत्र के पुलिस क्षेत्राधिकारी, खाद्य सुरक्षा विभाग के अभिहित अधिकारी और खाद्य सुरक्षा अधिकारी शामिल रहेंगे। अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ नियमित रूप से प्रतिष्ठानों की जांच करने और नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर तत्काल आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं।

अभियान के दौरान बाहरी राज्यों से आने वाले दूध, मावा, खोया, पनीर और घी की आपूर्ति करने वाले वाहनों की विशेष जांच की जाएगी। खाद्य सुरक्षा विभाग संदिग्ध खाद्य पदार्थों के नमूने नियमानुसार लेकर प्रयोगशाला में जांच के लिए भेजेगा, ताकि उनकी गुणवत्ता और शुद्धता का पता लगाया जा सके। इसी क्रम में सहायक आयुक्त एवं अभिहित अधिकारी, खाद्य संरक्षा एवं औषधि प्रशासन, नैनीताल अजब सिंह रावत ने संबंधित वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए हैं। अभियान के दौरान की गई कार्रवाई की रिपोर्ट प्रतिदिन शाम चार बजे तक कार्यालय में उपलब्ध कराने को कहा गया है, ताकि उच्च अधिकारियों को नियमित रूप से जानकारी भेजी जा सके। प्रशासन की इस कार्रवाई का उद्देश्य त्योहार के दौरान लोगों को सुरक्षित और शुद्ध खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराना तथा मिलावट के जरिए आमजन के स्वास्थ्य से खिलवाड़ करने वालों पर अंकुश लगाना है।
