नैनीताल-हल्द्वानी में अवैध बाइक टैक्सी पर परिवहन विभाग का शिकंजा, 10 वाहन सीज

  • कुमाऊं कमिश्नर के निर्देश पर चला सघन चेकिंग अभियान
  • अनधिकृत रेंटल व टैक्सी बाइक के खिलाफ 175 चालान

नैनीताल/हल्द्वानी। कुमाऊं कमिश्नर दीपक रावत के निर्देश पर परिवहन विभाग ने नैनीताल और हल्द्वानी क्षेत्र में अनधिकृत रूप से संचालित रेंटल बाइक और टैक्सी बाइक के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। विभाग की तीन विशेष प्रवर्तन टीमों ने सघन चेकिंग अभियान चलाते हुए नियमों का उल्लंघन करने वाले 10 टैक्सी बाइक वाहनों को सीज किया, जबकि विभिन्न अनियमितताओं में 175 चालान किए गए। आरटीओ (प्रवर्तन एवं सड़क सुरक्षा) हल्द्वानी संभाग अरविंद पांडेय के नेतृत्व में नैनीताल शहर और आसपास के क्षेत्रों में विशेष अभियान चलाया गया। अभियान का मुख्य उद्देश्य बिना वैध अनुमति व्यावसायिक गतिविधियों में इस्तेमाल हो रहे दोपहिया वाहनों और अनधिकृत बाइक टैक्सी संचालन पर अंकुश लगाना रहा। नैनीताल शहर में परिवहन कर अधिकारी पवन कुमार, जगदीश चंद्र और अपराजिता पांडे की संयुक्त टीमों ने विभिन्न मार्गों पर वाहनों की सघन जांच की।

नैनीताल-हल्द्वानी में अवैध बाइक टैक्सी पर परिवहन विभाग का शिकंजा, 10 वाहन सीज

इस दौरान नियमों की अनदेखी करने वाले वाहन संचालकों के खिलाफ चालान और सीज की कार्रवाई की गई। नैनीताल मार्ग से जुड़े मैदानी क्षेत्रों और प्रवेश द्वारों हल्द्वानी तथा काठगोदाम में भी परिवहन विभाग की टीमों ने अभियान चलाया। परिवहन उपनिरीक्षक आरसी पंवार, गिरीश कांडपाल और नंदन सिंह की टीम ने दोपहिया वाहनों की जांच करते हुए अनधिकृत रूप से संचालित वाहनों के खिलाफ कार्रवाई की। आरटीओ अरविंद पांडेय ने स्पष्ट किया कि पर्यटकों और आम नागरिकों की सुरक्षा से खिलवाड़ करने वाले किसी भी अनधिकृत वाहन संचालक को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने कहा कि बिना वैध अनुमति व्यावसायिक गतिविधियों में दोपहिया वाहनों का इस्तेमाल करने वाले टैक्सी बाइक और रेंटल बाइक संचालकों के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

Read more

Local News