- इंडिया गठबंधन के कार्यकर्ताओं ने निकाला विरोध मार्च
- मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग
- कलेक्ट्रेट पहुंचकर राष्ट्रपति के नाम सौंपा ज्ञापन
रुद्रपुर। मतदाता सूची और चुनावी प्रक्रिया को लेकर उठाए जा रहे सवालों के बीच गुरुवार को रुद्रपुर में कांग्रेस और समाजवादी पार्टी ने संयुक्त रूप से प्रदर्शन किया। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर आयोजित ‘लोकतंत्र बचाओ सप्ताह’ के तहत निकाले गए विरोध मार्च में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल हुए। प्रदर्शनकारियों ने चुनावी प्रक्रिया में कथित अनियमितताओं के खिलाफ नारेबाजी करते हुए मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग उठाई। कांग्रेस और विपक्षी दलों की ओर से देशभर में भी इसी मांग को लेकर प्रदर्शन किए जा रहे हैं। प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस और सपा कार्यकर्ताओं ने गल्ला मंडी से अंबेडकर चौक तक पैदल मार्च निकाला। इससे पहले कार्यकर्ताओं ने अंबेडकर पार्क पहुंचकर डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया। इसके बाद अंबेडकर चौक पर मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार का पुतला दहन किया गया। मार्च के दौरान कार्यकर्ताओं ने लोकतंत्र और संविधान की रक्षा तथा मताधिकार के सम्मान को लेकर नारे लगाए।

प्रदर्शन के बाद कार्यकर्ता कलेक्ट्रेट पहुंचे, जहां राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपकर चुनावी प्रक्रिया से जुड़े मुद्दों पर कार्रवाई की मांग की गई। सपा प्रदेश अध्यक्ष अब्दुल मतीन सिद्दीकी ने कहा कि समाजवादी पार्टी मतदाता अधिकारों से जुड़े मुद्दों को लेकर देशभर में आवाज उठा रही है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड में भी इंडिया गठबंधन के साथ मिलकर इस मुद्दे पर आंदोलन किया जा रहा है। सिद्दीकी ने कहा कि जब तक मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार इस्तीफा नहीं देते, तब तक आंदोलन जारी रखने की बात कही जाएगी। उन्होंने आगे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के इस्तीफे की मांग उठाने की भी बात कही। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि यह आंदोलन केवल किसी एक पद या व्यक्ति के खिलाफ नहीं, बल्कि उनके अनुसार लोकतंत्र, संविधान और प्रत्येक नागरिक के मताधिकार की रक्षा से जुड़ा मुद्दा है। कांग्रेस ने कहा कि मतदाता सूची और चुनावी प्रक्रिया को लेकर उठ रहे सवालों का पारदर्शी और तथ्यात्मक समाधान होना चाहिए। ऐसे में रुद्रपुर का यह प्रदर्शन चुनावी प्रक्रिया को लेकर जारी देशव्यापी राजनीतिक बहस के बीच इंडिया गठबंधन के स्थानीय स्तर पर एकजुट प्रदर्शन के रूप में सामने आया।

प्रदर्शन में प्रदर्शन में उप नेता प्रतिपक्ष भुवन कापड़ी, पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल, कांग्रेस जिलाध्यक्ष हिमांशु गावा, किसान कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष हरेंद्र सिंह लाड़ी, महानगर कांग्रेस अध्यक्ष ममता रानी, काशीपुर महानगर अध्यक्ष अलका पाल, सपा प्रदेश अध्यक्ष अब्दुल मतीन सिद्दीकी और सीपीएम की अमनदीप कौर, सपा के मुलायम सिंह यूथ ब्रिगेड के राष्ट्रीय महासचिव अरविंद यादव, छात्र सभा के प्रदेश अध्यक्ष ओसियन यादव, राम सिंह सागर, मजहर रिजवी, इस्लाम मिकरनी, सनी गुप्ता, शेर सिंह, सूरज गुप्ता, शिवम सिंह, अरशद अयूब, उमैर मतीन, अनस सिद्दीकी, मुनीर अंसारी, सरताज अंसारी, आकिब, जावेद मिकरानी और रिजवान पहलवान समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।
