खुले में बायो मेडिकल वेस्ट फेंकना पड़ा भारी, GRD मेडिकल स्टोर पर नगर निगम ने लगाया 10 हजार का जुर्माना

  • निरीक्षण में सामने आई अनियमितता
  • दुकान में एक्सपायरी जूस और पानी की बोतलें मिलने पर खाद्य सुरक्षा एवं औषधि विभाग को दी गई सूचना

हल्द्वानी। खुले में बायो मेडिकल वेस्ट फेंकने की शिकायत पर नगर निगम हल्द्वानी ने GRD मेडिकल स्टोर के खिलाफ कार्रवाई की है। नगर निगम की संयुक्त टीम के निरीक्षण में बायो मेडिकल वेस्ट का अनुचित तरीके से निस्तारण किए जाने की बात सामने आने पर दुकान का 10 हजार रुपये का चालान किया गया। वहीं, निरीक्षण के दौरान दुकान के फ्रिज और डिस्प्ले में बड़ी मात्रा में एक्सपायरी जूस और पानी की बोतलें रखे पाए जाने की सूचना संबंधित खाद्य सुरक्षा एवं औषधि विभाग को दी गई है। नगर निगम की टीम ने शिकायत के आधार पर मेडिकल स्टोर का निरीक्षण किया। अधिकारियों के अनुसार मौके पर बायो मेडिकल वेस्ट को निर्धारित तरीके से निस्तारित करने के बजाय खुले में फेंका जाना पाया गया। इसे गंभीरता से लेते हुए नगर निगम ने नियमानुसार 10 हजार रुपये की चालानी कार्रवाई की।

खुले में बायो मेडिकल वेस्ट फेंकना पड़ा भारी, GRD मेडिकल स्टोर पर नगर निगम ने लगाया 10 हजार का जुर्माना

नगर निगम प्रशासन ने स्पष्ट किया कि मेडिकल स्टोर, क्लीनिक और अन्य संबंधित प्रतिष्ठानों को बायो मेडिकल वेस्ट का निस्तारण निर्धारित मानकों के अनुसार ही करना होगा। नियमों की अनदेखी पाए जाने पर आगे भी चालानी कार्रवाई की जाएगी। कार्रवाई के दौरान टीम को दुकान के फ्रिज और डिस्प्ले में बड़ी मात्रा में एक्सपायरी जूस और पानी की बोतलें भी रखी मिलीं। नगर निगम की टीम ने मामले की जानकारी खाद्य सुरक्षा एवं औषधि विभाग को दे दी है, ताकि संबंधित विभाग द्वारा नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जा सके। अभियान में वरिष्ठ नगर स्वास्थ्य अधिकारी, अतिक्रमण प्रभारी, दोनों मुख्य सफाई निरीक्षक, सफाई निरीक्षक समेत नगर निगम की टीम शामिल रही। नगर निगम प्रशासन ने शहर के सभी मेडिकल स्टोर, क्लीनिक और अन्य प्रतिष्ठानों को बायो मेडिकल वेस्ट के सुरक्षित एवं मानक अनुरूप निस्तारण को लेकर चेतावनी दी है।

Read more

Local News