कैंचीधाम में पर्यटन विभाग का बड़ा एक्शन, 26 होटल-होम स्टे पर शिकंजा

  • नियमों की अनदेखी पर 22 इकाइयों पर 10-10 हजार का जुर्माना
  • बिना पंजीकरण चल रहे प्रतिष्ठानों को बंद करने के निर्देश, चार को नोटिस

नैनीताल। देश-दुनिया में तेजी से लोकप्रिय हो रहे कैंचीधाम क्षेत्र में पर्यटन विभाग ने होटल और होम स्टे इकाइयों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। आयुक्त कुमाऊं मंडल और जिलाधिकारी नैनीताल के निर्देश पर जिला पर्यटन विकास अधिकारी की टीम ने क्षेत्र में सघन निरीक्षण अभियान चलाकर 26 होटल और होम स्टे इकाइयों का भौतिक सत्यापन किया। जांच में रेट लिस्ट प्रदर्शित न करने, पंजीकृत क्षमता से अधिक कमरों का संचालन और पर्यटन नियमावली के मानकों का उल्लंघन सामने आने पर विभाग ने कार्रवाई की। निरीक्षण में नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर 22 पंजीकृत होटल और होम स्टे इकाइयों पर प्रति इकाई 10 हजार रुपये का अर्थदंड लगाया गया। विभाग के अनुसार इन इकाइयों में पंजीकृत कमरों से अधिक कमरों का संचालन करने और पर्यटन नियमावली के प्रावधानों का पालन नहीं करने की शिकायतें व अनियमितताएं सामने आई थीं।

कैंचीधाम में पर्यटन विभाग का बड़ा एक्शन, 26 होटल-होम स्टे पर शिकंजा

जिन इकाइयों पर अर्थदंड लगाया गया, उनमें चिराग होम स्टे, त्रिशूल होम स्टे, कृष्णा होम स्टे, मंजू पांडे होम स्टे, रेखा बिष्ट होम स्टे, त्रिलोकी होम स्टे, माधवी होम स्टे, निर्मल रिसोर्ट एंड कॉटेज, मां भगवती होम स्टे, रोहित होम स्टे, दीप्ती होम स्टे, कुंदन नेगी होम स्टे, शरद तिवारी होम स्टे और हर्षित तिवारी होम स्टे समेत अन्य इकाइयां शामिल हैं। निरीक्षण के दौरान बिना पंजीकरण संचालित पाई गई दो इकाइयों के खिलाफ अर्थदंड लगाने के साथ ही तत्काल प्रभाव से संचालन बंद करने के निर्देश दिए गए। पर्यटन विभाग की इस कार्रवाई से कैंचीधाम क्षेत्र में बिना पंजीकरण पर्यटन कारोबार संचालित करने वालों में हड़कंप मचा है। विभाग की ओर से उमेश दत्त तिवारी होम स्टे, होटल ट्रिनिटी, मारुति होम स्टे, बाबा बैंसन रिसोर्ट, होटल मोनाल, सिद्धि गेस्ट हाउस, होटल ग्रीन वैली और होटल मोहन रेजेंसी समेत संबंधित इकाइयों के खिलाफ संचालन बंद करने की कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। 

कैंचीधाम में पर्यटन विभाग का बड़ा एक्शन, 26 होटल-होम स्टे पर शिकंजा

निरीक्षण के दौरान पर्यटन विभाग के निर्धारित मानकों के अनुरूप संचालन नहीं पाए जाने पर चार इकाई संचालकों को कारण बताओ नोटिस जारी किए गए हैं। इनमें हेमंत कुमार मेहता, कासा माउंटेन, गिरिराज किशोर गुप्ता और विवेक कुमार शर्मा शामिल हैं। संबंधित संचालकों से अनियमितताओं के संबंध में स्पष्टीकरण मांगा गया है। जिला पर्यटन विकास अधिकारी ने बताया कि जनपद में होटल और होम स्टे इकाइयों का लगातार भौतिक निरीक्षण किया जा रहा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि पर्यटन नियमावली के मानकों के अनुरूप संचालन नहीं पाए जाने पर संबंधित इकाइयों के खिलाफ नियमानुसार कठोर कार्रवाई जारी रहेगी। कैंचीधाम में बढ़ते पर्यटक दबाव के बीच पर्यटन विभाग की यह कार्रवाई व्यवस्थाओं को निर्धारित मानकों के अनुरूप बनाए रखने और पर्यटकों को सुरक्षित एवं बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।

Read more

Local News