नशे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई, 65 लाख की स्मैक के साथ दो गिरफ्तार

  • एसओजी और लालकुआं पुलिस की संयुक्त टीम ने सुभाष नगर बैरियर पर कार से पकड़ी स्मैक
  • पुलिस के अनुसार कीमत करीब 65.40 लाख रुपये

लालकुआं। मुख्यमंत्री के “ड्रग फ्री देवभूमि–ऑपरेशन प्रहार” अभियान के तहत नैनीताल पुलिस ने नशे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 218.04 ग्राम अवैध स्मैक के साथ दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। एसओजी नैनीताल और कोतवाली लालकुआं पुलिस की संयुक्त टीम ने यह कार्रवाई सुभाष नगर बैरियर के पास संदिग्ध व्यक्ति और वाहनों की चेकिंग के दौरान की। पुलिस के अनुसार बरामद स्मैक की अनुमानित कीमत करीब 65.40 लाख रुपये है। एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देश पर पुलिस टीम लालकुआं क्षेत्र में चेकिंग अभियान चला रही थी। इसी दौरान अल्टो कार संख्या UP24-H-4787 को रोककर तलाशी ली गई। पुलिस के अनुसार कार में सवार दो लोगों के कब्जे से कुल 218.04 ग्राम स्मैक बरामद हुई। दोनों आरोपियों को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया।

नशे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई, 65 लाख की स्मैक के साथ दो गिरफ्तार

पुलिस ने आरोपियों की पहचान नदीम खान उर्फ गण्ठा (36) निवासी सिरौली कलां, ऊधम सिंह नगर और मूल निवासी बहेड़ी, बरेली तथा मो. शफीक उर्फ शफी (51) निवासी मोहम्मदपुर, थाना बहेड़ी, जिला बरेली के रूप में की है। पुलिस के मुताबिक नदीम खान ट्रक ड्राइवर है, जबकि मो. शफीक बनभूलपुरा क्षेत्र में दर्जी का काम करता है। पूछताछ में पुलिस के अनुसार आरोपियों ने स्मैक बहेड़ी से खरीदकर लाने की बात बताई है। मामले में कोतवाली लालकुआं में एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/21/60/29 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस अब धारा 29 के तहत आगे की जांच करते हुए स्मैक की सप्लाई से जुड़े अन्य लोगों और नेटवर्क के बारे में जानकारी जुटा रही है। पुलिस के अनुसार दोनों आरोपियों के पूर्व आपराधिक इतिहास की भी जानकारी जुटाई जा रही है। कार्रवाई में लालकुआं पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम शामिल रही। एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी ने कार्रवाई को सराहनीय बताते हुए गिरफ्तारी टीम को 2,000 रुपये के पुरस्कार से पुरस्कृत करने की घोषणा की है।

Read more

Local News