- वार्ड 37 में आयोजित शिविर में UCC मैरिज रजिस्ट्रेशन से लेकर आयुष्मान, पैन, वोटर आईडी और ई-श्रम कार्ड की सुविधा, निशुल्क नेत्र जांच शिविर भी लगा
हल्द्वानी। दमुवाढूंगा के वार्ड संख्या 37 में रविवार को जन सुविधा शिविर का आयोजन किया गया, जिसमें क्षेत्र के सैकड़ों लोगों ने विभिन्न सरकारी एवं जनसुविधाओं का लाभ उठाया। पार्षद विद्या देवी और भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा के प्रदेश कार्यसमिति सदस्य हृदयेश कुमार के सहयोग से आयोजित शिविर में लोगों को एक ही स्थान पर कई महत्वपूर्ण दस्तावेज और सेवाएं उपलब्ध कराने की व्यवस्था की गई। चौफला चौराहा स्थित पार्षद विद्या देवी के आवास पर सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक चले शिविर में UCC मैरिज रजिस्ट्रेशन, नए आयुष्मान कार्ड, वय वंदना 70 प्लस कार्ड, पैन कार्ड, वोटर आईडी और ई-श्रम कार्ड समेत पासपोर्ट आवेदन की सुविधा उपलब्ध कराई गई। शिविर में बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों ने पहुंचकर विभिन्न सेवाओं के लिए आवेदन किए और जरूरी प्रक्रियाएं पूरी कराईं। जन सुविधा शिविर के साथ ज्योति नेत्रालय, तिकोनिया चौराहा, हल्द्वानी के सहयोग से निशुल्क नेत्र चिकित्सा शिविर भी आयोजित किया गया।

अनुभवी चिकित्सकों ने लोगों की आंखों की जांच की और आवश्यक परामर्श दिया। आयुष्मान कार्ड के माध्यम से मोतियाबिंद और नाखूना के ऑपरेशन की निशुल्क सुविधा उपलब्ध कराने की जानकारी भी दी गई। इससे आर्थिक रूप से कमजोर लोगों को स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ मिलने की उम्मीद है। शिविर के आयोजन में ज्योति नेत्रालय के चिकित्सकों के साथ जनसेवा केंद्र के विशाल का विशेष सहयोग रहा। विभिन्न सरकारी दस्तावेजों और योजनाओं से जुड़ी प्रक्रियाओं को पूरा कराने में लोगों की सहायता की गई। आयोजकों के अनुसार, शिविर में सैकड़ों लोगों ने पहुंचकर सेवाओं का लाभ लिया। स्थानीय स्तर पर इस तरह के शिविरों के माध्यम से लोगों को सरकारी सुविधाओं और आवश्यक दस्तावेजों के लिए अलग-अलग कार्यालयों के चक्कर लगाने से राहत मिलने की बात कही गई। आयोजकों ने कहा कि जनसुविधाओं को आमजन तक पहुंचाना और जरूरतमंद लोगों की सहायता करना इस तरह के शिविरों का उद्देश्य है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में लोगों की जरूरत के अनुसार भविष्य में भी जनसेवा से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
