रामनगर में भीषण सड़क हादसा: स्कॉर्पियो और डंपर की आमने-सामने टक्कर, बास्केटबॉल खिलाड़ी की मौत

  • चौधरी ढाबे के पास देर रात हुआ हादसा
  • पत्नी घायल, पुलिस ने शुरू की कार्रवाई

रामनगर। रामनगर क्षेत्र में देर रात हुए भीषण सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि उसकी पत्नी घायल हो गई। हादसा काशीपुर-रामनगर मार्ग पर चौधरी ढाबे के पास उस समय हुआ, जब काशीपुर से रामनगर की ओर आ रही नई काली स्कॉर्पियो की सामने से आ रहे डंपर से जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में स्कॉर्पियो चालक की मौके पर ही मौत हो गई। बताया जा रहा है कि मृतक राष्ट्रीय स्तर के बास्केटबॉल खिलाड़ी थे। कोतवाल रामनगर सुशील कुमार के अनुसार, हादसा 2 अक्टूबर की सुबह करीब 1:20 बजे हुआ। काली रंग की नई स्कॉर्पियो अस्थायी नंबर के साथ काशीपुर से रामनगर की ओर आ रही थी। इसी दौरान डंपर संख्या HR38AC 4554 पीरूमदारा से काशीपुर की ओर जा रहा था। चौधरी ढाबे के पास दोनों वाहनों की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि स्कॉर्पियो बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।

पुलिस के अनुसार, हादसे में स्कॉर्पियो चालक यतीस यादव पुत्र सुरेश चंद यादव, निवासी शाहपुर बमेठा, थाना वेब सिटी, गाजियाबाद की मौत हो गई। उनकी पत्नी शीतल हादसे में घायल हुई हैं। उन्हें उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक जानकारी में सामने आया है कि डंपर चालक द्वारा ओवरटेक किए जाने के दौरान यह हादसा हुआ। हालांकि, दुर्घटना के वास्तविक कारणों की पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी। सूचना मिलते ही रामनगर पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई शुरू की। मृतक के शव की पंचायतनामा कार्रवाई की जा रही है तथा पुलिस हादसे से जुड़े अन्य तथ्यों की जांच में जुटी है। बताया जा रहा है कि हादसे में जान गंवाने वाले यतीस यादव राष्ट्रीय स्तर के बास्केटबॉल खिलाड़ी थे। हालांकि, उनके खेल रिकॉर्ड और उपलब्धियों की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है।

Read more

Local News