- एमबीपीजी कॉलेज हल्द्वानी के यतिन पांडे ने हासिल की जीत
- जितेंद्र सिंह धामी उपाध्यक्ष और सुपर्णा भक्त छात्रा उपाध्यक्ष निर्वाचित
नैनीताल। कुमाऊं विश्वविद्यालय के शैक्षणिक सत्र 2026-27 के छात्र महासंघ चुनाव शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं निर्बाध रूप से संपन्न हो गए। निर्वाचन अधिकारी कार्यालय की ओर से जारी परिणाम के अनुसार एमबीपीजी राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, हल्द्वानी के यतिन पांडे छात्र महासंघ के अध्यक्ष निर्वाचित हुए हैं। चुनाव परिणाम सामने आने के बाद विश्वविद्यालय से संबद्ध महाविद्यालयों में छात्र राजनीति को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। कुमाऊं विश्वविद्यालय छात्र महासंघ के अध्यक्ष पद पर एमबीपीजी राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, हल्द्वानी के छात्र यतिन पांडे को विजयी घोषित किया गया है। यतिन पांडे के अध्यक्ष निर्वाचित होने से एमबीपीजी कॉलेज का प्रतिनिधित्व विश्वविद्यालय स्तर पर भी हुआ है।

उपाध्यक्ष पद पर राजकीय महाविद्यालय सितारगंज के जितेंद्र सिंह धामी को विजयी घोषित किया गया है। वहीं छात्रा उपाध्यक्ष पद की जिम्मेदारी राजकीय महाविद्यालय गदरपुर की सुपर्णा भक्त को मिली है। छात्र महासंघ के सचिव पद पर एचएनबी राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय खटीमा के संचित सिंह निर्वाचित हुए हैं। संयुक्त सचिव पद पर राजकीय महाविद्यालय हल्द्वानी शहर, किशनपुर, गौलापार की उदिती पांडे को विजयी घोषित किया गया है। कोषाध्यक्ष पद पर पीएनजी राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय रामनगर के भुवन चंद्र जोशी निर्वाचित हुए हैं। निर्वाचन अधिकारी कार्यालय के अनुसार छात्र महासंघ चुनाव 2026-27 की पूरी प्रक्रिया शांतिपूर्वक, निष्पक्ष एवं निर्बाध रूप से संपन्न कराई गई। कुमाऊं विश्वविद्यालय की ओर से जारी परिणाम के बाद नवनिर्वाचित छात्र महासंघ पदाधिकारियों के सामने अब विश्वविद्यालय और संबद्ध महाविद्यालयों से जुड़े छात्र हितों के मुद्दों को उठाने की जिम्मेदारी होगी।
