एमबीपीजी छात्रसंघ चुनाव: अध्यक्ष पद पर तीन दावेदार, 26 सितंबर को तय होगा कौन-कौन मैदान में…

  • कला प्रतिनिधि के लिए 33 प्रत्याशियों ने भरा नामांकन
  • कल नामांकन पत्रों की जांच और नाम वापसी

हल्द्वानी। एमबीपीजी कॉलेज में छात्रसंघ चुनाव 2026-27 को लेकर नामांकन प्रक्रिया पूरी होने के बाद अब चुनावी तस्वीर साफ होने लगी है। कॉलेज के प्राचार्य एनएस बनकोटी के अनुसार विभिन्न पदों के लिए बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने नामांकन कराया है। 26 सितंबर को नामांकन पत्रों की जांच के साथ नाम वापसी की प्रक्रिया होगी। इसके बाद यह स्पष्ट हो जाएगा कि अंतिम रूप से कौन-कौन से प्रत्याशी चुनाव मैदान में डटे हैं। नामांकन के दौरान अध्यक्ष पद के लिए तीन प्रत्याशियों ने अपनी दावेदारी पेश की है। वहीं उपाध्यक्ष पद पर चार और छात्रा उपाध्यक्ष पद पर दो प्रत्याशियों ने नामांकन कराया है। सचिव पद के लिए दो और सह-सचिव पद के लिए भी दो प्रत्याशी मैदान में हैं।कॉलेज के नामांकन विवरण के मुताबिक विश्वविद्यालय प्रतिनिधि पद के लिए तीन प्रत्याशियों ने नामांकन कराया है। कोषाध्यक्ष पद पर चार प्रत्याशियों ने अपनी दावेदारी पेश की है। संकाय प्रतिनिधि पदों पर भी बड़ी संख्या में नामांकन हुए हैं। 

एमबीपीजी छात्रसंघ चुनाव: अध्यक्ष पद पर तीन दावेदार, 26 सितंबर को तय होगा कौन-कौन मैदान में…

नामांकन में सबसे अधिक उत्सुकता कला संकाय प्रतिनिधि पद को लेकर देखने को मिली, जहां कुल 33 प्रत्याशियों ने नामांकन कराया है। विज्ञान संकाय प्रतिनिधि पद पर 12 और वाणिज्य संकाय प्रतिनिधि पद पर 14 प्रत्याशियों ने नामांकन किया है। इन पदों पर भी चुनावी मुकाबला काफी व्यापक होने की संभावना है। अब 26 सितंबर का दिन एमबीपीजी छात्रसंघ चुनाव के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है। इसी दिन नामांकन पत्रों की जांच की जाएगी और प्रत्याशियों को नाम वापस लेने का अवसर मिलेगा। नाम वापसी की प्रक्रिया पूरी होने के बाद चुनाव मैदान में बचे प्रत्याशियों की अंतिम सूची स्पष्ट हो जाएगी और इसके बाद चुनाव चिन्ह आवंटित किए जाएंगे। एमबीपीजी कॉलेज में 29 सितंबर को छात्रसंघ चुनाव के लिए मतदान होना है। करीब 12 हजार छात्र-छात्राओं के मतदान करने की उम्मीद है। नामांकन प्रक्रिया के बाद अब सभी की नजरें 26 सितंबर को होने वाली जांच और नाम वापसी पर टिकी हैं, जिसके बाद चुनावी मुकाबले की वास्तविक तस्वीर सामने आएगी।

Read more

Local News