- कक्षा 1 से 12 तक के शासकीय, अर्द्धशासकीय और निजी विद्यालयों में अवकाश
- तेज बारिश, आकाशीय बिजली और भूस्खलन की आशंका को देखते हुए डीएम ने जारी किया आदेश
नैनीताल। मौसम विभाग की ओर से नैनीताल जिले में 26 सितंबर को रेड अलर्ट जारी किए जाने के बाद जिला प्रशासन ने बड़ा फैसला लिया है। भारी से बहुत भारी बारिश, आकाशीय बिजली, तेज हवाओं और वर्षा के तीव्र से अति तीव्र दौर की संभावना को देखते हुए जिले के सभी शासकीय, अर्द्धशासकीय और निजी विद्यालयों में एक दिन का अवकाश घोषित किया गया है। इसके साथ ही जिले के सभी आंगनबाड़ी केंद्र भी 26 सितंबर को बंद रहेंगे। भारत मौसम विज्ञान विभाग, देहरादून की ओर से 25 सितंबर को जारी मौसम पूर्वानुमान के अनुसार नैनीताल जिले में 26 सितंबर को रेड अलर्ट की चेतावनी दी गई है। पूर्वानुमान में कहीं-कहीं भारी से बहुत भारी वर्षा के साथ गरज-चमक, आकाशीय बिजली और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से झोंकेदार हवाएं चलने की संभावना जताई गई है। मौसम के इस पूर्वानुमान को देखते हुए प्रशासन ने नदियों, नालों और गधेरों में तेज जल प्रवाह तथा संवेदनशील स्थानों पर भूस्खलन की आशंका जताई है। ऐसे हालात में किसी भी अप्रिय घटना की संभावना को देखते हुए छात्र-छात्राओं की सुरक्षा के मद्देनजर अवकाश का निर्णय लिया गया है।

जिला मजिस्ट्रेट एवं जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के अध्यक्ष ललित मोहन रयाल की ओर से जारी आदेश के मुताबिक 26 सितंबर, शनिवार को नैनीताल जिले के कक्षा 1 से 12 तक संचालित सभी शासकीय, अर्द्धशासकीय और निजी विद्यालय बंद रहेंगे। इसके अलावा जिले के सभी आंगनबाड़ी केंद्रों में भी अवकाश रहेगा। जारी आदेश के अनुसार विद्यालयों में कार्यरत प्रधानाचार्य, प्रधानाध्यापक, शिक्षकगण और कार्यालय स्टाफ के लिए भी 26 सितंबर को अवकाश अनुमन्य रहेगा। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि मौसम की स्थिति को देखते हुए आदेश का कड़ाई से पालन कराया जाएगा। जिला प्रशासन ने आदेश में स्पष्ट किया है कि नैनीताल शहर क्षेत्र में संचालित ऐसे आवासीय शैक्षणिक संस्थानों और विद्यालयों पर यह आदेश लागू नहीं होगा, जहां छात्र-छात्राओं के लिए शैक्षणिक और आवासीय सुविधाएं एक ही परिसर में उपलब्ध हैं। मुख्य शिक्षाधिकारी नैनीताल और जिला कार्यक्रम अधिकारी नैनीताल को सभी संबंधित विद्यालयों और आंगनबाड़ी केंद्रों में आदेश का अनुपालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए गए हैं। प्रशासन ने साफ किया है कि आदेश के उल्लंघन की स्थिति में संबंधित के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। जिले में रेड अलर्ट के मद्देनजर प्रशासन ने लोगों से भी मौसम की स्थिति को देखते हुए सतर्क रहने और संवेदनशील क्षेत्रों में अनावश्यक आवाजाही से बचने की अपील की है।
