- दिल्ली चाट दुकान में तोड़फोड़ और ग्राहकों से मारपीट का आरोप
- CCTV फुटेज के आधार पर पुलिस ने चार युवकों को दबोचा
हल्द्वानी। छात्रसंघ चुनाव के बीच दुर्गा सिटी सेंटर के पास छात्रों के दो गुटों के बीच हुए विवाद और तोड़फोड़ के मामले में नैनीताल पुलिस ने कार्रवाई करते हुए चार युवकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, 23 सितंबर की देर रात दिल्ली चाट की दुकान के पास हुए विवाद के दौरान कुछ युवकों ने दुकान में घुसकर कथित तौर पर तोड़फोड़ की और सामान लेने आए ग्राहकों तथा सड़क से गुजर रहे लोगों के साथ मारपीट की। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज खंगालकर आरोपियों की पहचान की और उन्हें गिरफ्तार किया। पुलिस के मुताबिक, घटना को लेकर जगदंबा नगर, भोटियापड़ाव निवासी दुकान संचालक बिपिन चंद्र जोशी की तहरीर पर कोतवाली हल्द्वानी में अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई। प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी ने तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। इसके बाद एसपी हल्द्वानी मनोज कुमार कत्याल के पर्यवेक्षण और कोतवाली हल्द्वानी के प्रभारी निरीक्षक विजय मेहता के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई।

पुलिस टीम ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज को बारीकी से खंगाला। फुटेज और जांच के दौरान सामने आए तथ्यों के आधार पर पुलिस ने आदित्य सिंह रावत उर्फ एएस ठाकुर, निवासी त्रिलोक नगर लालडांट, मुखानी, उम्र 21 वर्ष, कवि नेगी निवासी मोती निवास भोटियापड़ाव, कार्तिक नागिला निवासी गोरापड़ाव तथा ईशान शर्मा निवासी तीनपानी, शक्तिनगर, उम्र 21 वर्ष को गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार किए गए चारों व्यक्तियों के संबंध में आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस ने उनके विरुद्ध धारा 172 के तहत गिरफ्तारी की कार्रवाई करते हुए धारा 35(3) के तहत नोटिस भी तामील कराया है। इस कार्रवाई में चौकी भोटियापड़ाव के उप निरीक्षक कृपाल सिंह के साथ कांस्टेबल विजय भारद्वाज, कांस्टेबल मुकेश सिंह और कांस्टेबल धीरेंद्र सिंह शामिल रहे। पुलिस का कहना है कि छात्रसंघ चुनाव के दौरान कानून-व्यवस्था प्रभावित करने वाली गतिविधियों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है और ऐसे मामलों में उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
