छात्रसंघ चुनाव की आड़ में हुड़दंग पर पुलिस सख्त, दो गुटों की झड़प में FIR दर्ज

  • SSP डॉ. मंजूनाथ टीसी की दो टूक—कैंपस में चुनावी गतिविधियां करें
  • शहर में कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ किया तो होगी कड़ी कार्रवाई

हल्द्वानी। छात्रसंघ चुनाव के बीच शहर में कानून-व्यवस्था को लेकर नैनीताल पुलिस ने सख्त रुख अपनाया है। दुर्गा सिटी सेंटर के पास दिल्ली चाट की दुकान के समीप देर रात छात्रों के दो गुटों के बीच हुई झड़प के बाद पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। घटना में मारपीट, कुर्सियां तोड़े जाने और हेलमेट व लाठी-डंडों के इस्तेमाल की सूचना सामने आई है। पुलिस के मुताबिक प्रारंभिक जांच में किसी व्यक्ति के गंभीर रूप से घायल होने की पुष्टि नहीं हुई है। घटना के बाद वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी ने छात्रसंघ चुनाव से जुड़े प्रत्याशियों, छात्र नेताओं, पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और समर्थकों को स्पष्ट चेतावनी दी है कि चुनाव की आड़ में किसी भी तरह की गुटबाजी, हुड़दंग, रैली या यातायात व्यवस्था में बाधा बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि चुनावी गतिविधियां निर्धारित कैंपस सीमा के भीतर रहेंगी, जबकि कैंपस के बाहर सभी पर सामान्य कानून लागू होगा।

छात्रसंघ चुनाव की आड़ में हुड़दंग पर पुलिस सख्त, दो गुटों की झड़प में FIR दर्ज

पुलिस के अनुसार देर रात छात्रों के दो गुटों के बीच विवाद की सूचना विभिन्न माध्यमों से मिली थी। मौके पर पहुंची पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित किया। प्रारंभिक जानकारी में मारपीट के साथ कुर्सियां तोड़े जाने और हेलमेट व लाठी-डंडों के इस्तेमाल की बात सामने आई है। घटना के कारण और पूरे विवाद की विस्तृत जांच की जा रही है। दिल्ली चाट दुकान संचालक की तहरीर के आधार पर अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है। SSP डॉ. मंजूनाथ टीसी ने कहा कि छात्रसंघ चुनाव लिंगदोह समिति की सिफारिशों और सुप्रीम कोर्ट के दिशा-निर्देशों के अनुरूप कराया जा रहा है। ऐसे में चुनाव से जुड़े सभी लोगों की जिम्मेदारी है कि वे निर्धारित नियमों का पालन करें। उन्होंने स्पष्ट किया कि चुनावी गतिविधियों के नाम पर शहर में कानून-व्यवस्था प्रभावित करने की अनुमति किसी को नहीं दी जाएगी। पुलिस ने शाम के समय छात्रों की गतिविधियों पर विशेष निगरानी बढ़ाने की बात कही है।

छात्रसंघ चुनाव की आड़ में हुड़दंग पर पुलिस सख्त, दो गुटों की झड़प में FIR दर्ज

SSP के मुताबिक शाम पांच से छह बजे के बाद यदि छात्रों के किसी गुट द्वारा शहर के अलग-अलग हिस्सों में झुंड बनाकर घूमने, होटल, रिजॉर्ट, ढाबे या कैफे में समूह बनाकर अड्डेबाजी करने की स्थिति सामने आती है तो पुलिस नियमानुसार कार्रवाई करेगी। इसके साथ ही वाहनों का समूह बनाकर मिनी रैली या अघोषित रैली निकालने, रैश ड्राइविंग करने, यातायात बाधित करने, गुट बनाकर अशांति फैलाने अथवा सार्वजनिक स्थानों पर मारपीट और हुड़दंग करने वालों पर पुलिस की विशेष नजर रहेगी। पुलिस का कहना है कि कानून का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ तथ्यों और परिस्थितियों के आधार पर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। SSP ने कहा कि हल्द्वानी की जनता की सुरक्षा, शांति और कानून-व्यवस्था पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। छात्रसंघ चुनाव को देखते हुए शहर में पुलिस बल और निगरानी व्यवस्था को बढ़ाया गया है। पुलिस ने साफ किया है कि छात्र चुनावी गतिविधियां कैंपस में कर सकते हैं, लेकिन कैंपस से बाहर कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जाएगा।

Read more

Local News