- गली के भीतर गोदाम होने से आसपास के लोगों में अफरा-तफरी
- फायर ब्रिगेड की दो गाड़ियों ने संभाला मोर्चा लाखों के नुकसान की आशंका
हल्द्वानी। भोलेनाथ गार्डन क्षेत्र में एक मकान की दूसरी मंजिल पर बने कपड़ों के गोदाम में अचानक भीषण आग लगने से इलाके में हड़कंप मच गया। आग की लपटें और धुआं उठता देख आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस और अग्निशमन विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं और आग पर काबू पाने की कार्रवाई शुरू की। बताया जा रहा है कि मकान की दूसरी मंजिल पर कपड़ों का गोदाम संचालित हो रहा था, जहां अचानक आग भड़क उठी। गोदाम गली के अंदर होने के कारण अग्निशमन टीम के सामने आग बुझाने के दौरान चुनौती भी रही। आग तेजी से फैलने की सूचना के बाद आसपास के लोग भी मौके पर जमा हो गए।
सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की दो गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और कर्मचारियों ने आग बुझाने का अभियान शुरू किया। मुख्य अग्निशमन अधिकारी गौरव किरार स्वयं मौके पर मौजूद रहे और राहत एवं अग्निशमन अभियान की निगरानी की। पुलिस टीम ने भी मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभाला। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार आग जिस गोदाम में लगी, वह प्रदीप गारमेंट्स का बताया जा रहा है। गोदाम में कपड़े रखे होने के कारण आग ने तेजी से विकराल रूप लिया। आग की चपेट में आने से गोदाम में रखा सामान जलने की सूचना है, जिससे लाखों रुपये के नुकसान की आशंका जताई जा रही है। अग्निशमन कर्मियों की ओर से आग को नियंत्रित करने का प्रयास जारी रहा। फिलहाल आग लगने के वास्तविक कारणों का पता नहीं चल सका है। अग्निशमन विभाग की जांच के बाद ही आग के कारण और वास्तविक नुकसान की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
