- सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस और फील्ड यूनिट
- मृतक की पहचान तनवीर कुमार उर्फ शायरी के रूप में हुई
देहरादून। रायपुर थाना क्षेत्र में मालदेवता से आगे लोहे के पुल पर रविवार को एक युवक का शव फंदे से लटका मिलने से सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही मालदेवता चौकी प्रभारी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल पर आवश्यक जांच की गई। पुलिस के अनुसार प्रथम दृष्टया शव पर किसी तरह की चोट या संघर्ष के निशान नहीं मिले हैं। पुलिस के मुताबिक मौके पर एक स्कूटी भी खड़ी मिली, जिसकी जांच करने पर वह मृतक के रिश्तेदार की होना सामने आया।
घटनास्थल पर फील्ड यूनिट की टीम को बुलाकर आवश्यक कार्रवाई कराई गई। पुलिस ने शव को नीचे उतारकर उसकी पहचान तनवीर कुमार उर्फ शायरी पुत्र कपूरचंद निवासी घमंडपुर, रानीपोखरी, देहरादून, हाल निवासी वेदवानी विहार, बालावाला के रूप में की। परिजनों ने भी शव की शिनाख्त की। पुलिस ने शव को कोरोनेशन अस्पताल की मोर्चरी में भिजवा दिया है। मामले में पंचायतनामा और पोस्टमार्टम की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस का कहना है कि प्रकरण में आवश्यक कार्रवाई जारी है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट तथा जांच के आधार पर आगे की स्थिति स्पष्ट होगी।




