- भारत सरकार का बोर्ड और एयरगन भी मिली
- तिकोनिया चौराहे पर चेकिंग के दौरान नैनीताल पुलिस ने पकड़ा
हल्द्वानी। तिकोनिया चौराहे पर सघन चेकिंग के दौरान नैनीताल पुलिस ने खुद को I.B. अधिकारी बताने वाले 24 वर्षीय युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी नीली-लाल बत्ती और “भारत सरकार” का बोर्ड लगी कार से घूम रहा था। तलाशी में फर्जी I.B. आईडी कार्ड व दस्तावेजों के साथ पिस्टल जैसी दिखने वाली एयरगन भी बरामद हुई। पुलिस के मुताबिक 12 सितंबर को चेकिंग के दौरान हुंडई कार संख्या UP25CS 9327 को रोका गया। चालक ने अपना नाम मो. मोहासिब खान निवासी रामपुर, उत्तर प्रदेश बताते हुए I.B. अधिकारी का आईडी कार्ड दिखाया।
नियुक्ति से संबंधित जानकारी मांगने पर वह संतोषजनक जवाब नहीं दे सका। दस्तावेजों पर संदेह होने के बाद वाहन की तलाशी ली गई, जिसमें फर्जी I.B. आईडी, संबंधित कागजात, एयरगन, नीली बत्ती और “भारत सरकार” का बोर्ड बरामद हुआ। पुलिस के अनुसार पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह रौब दिखाने के लिए एयरगन रखता था और उसके पास मौजूद I.B. आईडी व दस्तावेज फर्जी हैं। मामले में थाना हल्द्वानी में FIR संख्या 315/2026 दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। वाहन को मोटर वाहन अधिनियम के तहत सीज किया गया है। आरोपी के आपराधिक इतिहास की भी जानकारी जुटाई जा रही है। यह कार्रवाई एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टी.सी. के निर्देश पर एसपी हल्द्वानी मनोज कुमार कत्याल, एएसपी/सीओ हल्द्वानी अमित कुमार के पर्यवेक्षण और प्रभारी निरीक्षक विजय सिंह मेहता के नेतृत्व में की गई।




