- गोविंद सिंह मेहता ने भी लगातार तीसरी बार निर्विरोध अध्यक्ष पद पर कब्जा जमाया
- पूर्व चेयरमैन भरत सिंह नेगी को बोरिंग पट्टा समिति में जगदीश पंत ने दी शिकस्त
लालकुआं। नैनीताल दुग्ध उत्पादक सहकारी संघ लिमिटेड के पर्वतीय क्षेत्र की 245 दुग्ध उत्पादक सहकारी समितियों में प्रबंध कमेटी के अध्यक्ष और उपाध्यक्ष पदों के लिए चुनाव प्रक्रिया शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो गई। चुनाव परिणामों में निर्विरोध निर्वाचन का दबदबा देखने को मिला। 245 में से 238 समितियों में अध्यक्ष और उपाध्यक्ष निर्विरोध चुने गए, जबकि सात समितियों में मतदान के जरिए पदाधिकारियों का चयन हुआ। इन परिणामों में नैनीताल दुग्ध संघ के अध्यक्ष मुकेश बोरा और संचालक मंडल सदस्य गोविंद सिंह मेहता ने अपनी मजबूत पकड़ बरकरार रखी। च्यूरीगाड़ दुग्ध उत्पादक सहकारी समिति से नैनीताल दुग्ध संघ के अध्यक्ष मुकेश बोरा ने अध्यक्ष पद पर लगातार 12वीं बार निर्विरोध जीत दर्ज की। बताया गया कि वर्ष 1996 से वह लगातार समिति के अध्यक्ष पद पर निर्विरोध निर्वाचित होते आ रहे हैं। लगातार 12वीं निर्विरोध जीत ने समिति स्तर पर उनकी मजबूत पकड़ को एक बार फिर सामने ला दिया है। वहीं दुग्ध संघ के संचालक मंडल सदस्य गोविंद सिंह मेहता ने बिंदुखत्ता रावत नगर सेकेंड दुग्ध उत्पादक सहकारी समिति से लगातार तीसरी बार अध्यक्ष पद पर निर्विरोध निर्वाचित होकर अपनी स्थिति मजबूत बनाए रखी। इसके अलावा संचालक मंडल सदस्य दीपा रैकवाल ने भगवतपुर दुग्ध समिति और हेमा पड़ियाड ने वुडाधुरा दुग्ध समिति से अध्यक्ष पद पर जीत दर्ज की। बिंदुखत्ता टूटी पुलिया दुग्ध समिति से नवीन पपोला अध्यक्ष निर्वाचित हुए। वहीं चुनाव का सबसे चर्चित परिणाम बोरिंग पट्टा दुग्ध उत्पादक सहकारी समिति से सामने आया, जहां नैनीताल दुग्ध संघ के पूर्व चेयरमैन भरत सिंह नेगी को हार का सामना करना पड़ा। अध्यक्ष पद के चुनाव में जगदीश पंत ने उन्हें मात देकर जीत दर्ज की।
पूर्व चेयरमैन की हार को समिति के चुनाव में महत्वपूर्ण राजनीतिक और सांगठनिक उलटफेर के तौर पर देखा जा रहा है। निर्वाचन प्रक्रिया पूरी होने के बाद विभिन्न दुग्ध समितियों में नवनिर्वाचित अध्यक्ष, उपाध्यक्ष और प्रबंध कमेटी के सदस्यों के स्वागत का सिलसिला शुरू हो गया है। दुग्ध उत्पादकों और समिति सदस्यों ने नवनिर्वाचित पदाधिकारियों का माला पहनाकर और पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया। नैनीताल दुग्ध संघ के अध्यक्ष मुकेश बोरा सहित संघ के सामान्य प्रबंधक अनुराग शर्मा, वित्त प्रभारी उमेश पठालनी, प्रशासन एवं विपणन प्रभारी संजय सिंह भाकुनी, पीएंडआई प्रभारी सुभाष बाबू, कारखाना प्रबंधक धर्मेंद्र सिंह राणा सहित अन्य अधिकारियों और कर्मचारियों ने नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को शुभकामनाएं दीं और दुग्ध उत्पादकों के हित में मिलकर काम करने की अपेक्षा जताई। इस दौरान भाजपा के वरिष्ठ नेता रमेश कुनियाल सहित कई भाजपा कार्यकर्ताओं, जनप्रतिनिधियों, दुग्ध उत्पादकों और समिति सदस्यों ने भी नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को बधाई दी। दुग्ध समितियों के चुनाव परिणामों में जहां अधिकांश स्थानों पर निर्विरोध निर्वाचन से आपसी सहमति और संगठनात्मक एकजुटता का संदेश सामने आया, वहीं बोरिंग पट्टा समिति में पूर्व चेयरमैन की हार ने चुनावी नतीजों को खासा चर्चित बना दिया है।




