- नैनीताल जिले के सूचीबद्ध निजी अस्पतालों की जानकारी जारी
- स्वास्थ्य विभाग ने कहा—इलाज के दौरान समस्या होने पर तत्काल मुख्य चिकित्सा अधिकारी से करें संपर्क
नैनीताल। आयुष्मान योजना के लाभार्थियों के लिए स्वास्थ्य विभाग ने अहम जानकारी जारी की है। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. रश्मि पंत ने जिले में आयुष्मान योजना के तहत सूचीबद्ध निजी अस्पतालों, वहां उपलब्ध उपचार सेवाओं और संपर्क नंबरों की जानकारी साझा की है। उन्होंने स्पष्ट किया कि आयुष्मान कार्ड के तहत सूचीबद्ध या गैर-सूचीबद्ध निजी अस्पताल में इलाज के दौरान किसी भी प्रकार की परेशानी होने पर लाभार्थी सीधे मुख्य चिकित्सा अधिकारी से संपर्क कर सकते हैं। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार जिले में आयुष्मान योजना के तहत विभिन्न विशेषज्ञ सेवाओं के लिए निजी अस्पताल सूचीबद्ध हैं। इनमें आई विजन प्राइवेट लिमिटेड में नेत्र चिकित्सा, बॉम्बे हॉस्पिटल एंड रिसर्च सेंटर में जनरल मेडिसिन, जनरल सर्जरी, स्त्री एवं प्रसूति रोग, ऑर्थोपेडिक्स व पॉलीट्रॉमा तथा वेदांता नेत्रालय में नेत्र चिकित्सा की सुविधा उपलब्ध है। रही केयर प्राइवेट लिमिटेड में जनरल मेडिसिन और बृजेश अस्पताल में बर्न प्रबंधन से लेकर जनरल मेडिसिन, सर्जरी, नवजात देखभाल, स्त्री एवं प्रसूति रोग, ऑर्थोपेडिक्स, ईएनटी, बाल चिकित्सा और न्यूरोलॉजी जैसी सेवाएं शामिल हैं। बृजलाल अस्पताल एंड रिसर्च सेंटर में जनरल मेडिसिन, सर्जरी, स्त्री एवं प्रसूति रोग, ऑर्थोपेडिक्स और ईएनटी की सेवाएं हैं। बाबा नीम करोली मल्टीस्पेशलिटी अस्पताल एवं ट्रॉमा सेंटर में जनरल मेडिसिन, स्त्री एवं प्रसूति रोग, ऑर्थोपेडिक्स, पॉलीट्रॉमा और आपातकालीन सेवाएं उपलब्ध हैं।
वहीं साई अस्पताल में कार्डियोलॉजी, जनरल मेडिसिन, जनरल सर्जरी, मेडिकल ऑन्कोलॉजी, ऑर्थोपेडिक्स और यूरोलॉजी तथा आदर्श इंस्टीट्यूट ऑफ यूरोलॉजी एंड लेप्रोस्कोपी में यूरोलॉजी और लेप्रोस्कोपिक सर्जरी समेत संबंधित सेवाएं उपलब्ध हैं। उजाला सिग्नस सेंट्रल अस्पताल में कार्डियोलॉजी, मेडिकल ऑन्कोलॉजी, नवजात देखभाल, नेत्र चिकित्सा, ऑर्थोपेडिक्स, बाल चिकित्सा, सर्जिकल ऑन्कोलॉजी और यूरोलॉजी जैसी विशेषज्ञ सेवाएं हैं। इसके अलावा सुभानु आई अस्पताल, अनाअर्जुन मेटरनिटी एंड रिसर्च सेंटर, द ब्राइट अस्पताल, नीलकंठ मल्टीस्पेशलिटी अस्पताल, एसके गुप्ता नर्सिंग होम एंड अस्पताल, स्टार हॉस्पिटल मैटरनिटी एंड लेप्रोस्कॉपी सेंटर और संजीवनी अस्पताल भी आयुष्मान योजना के तहत विभिन्न उपचार सेवाएं उपलब्ध करा रहे हैं। स्वास्थ्य विभाग की सूची में अग्रवाल क्लिनिक एंड नर्सिंग होम, डॉ. यतींद्र मोहन बहुगुणा, ज्योति नेत्रालय, चंदन अस्पताल, बजाज सुपर स्पेशलिटी अस्पताल और दृष्टि सेंटर फॉर एडवांस्ड आई केयर भी शामिल हैं। इनमें सामान्य चिकित्सा से लेकर कार्डियोलॉजी, न्यूरोसर्जरी, ऑन्कोलॉजी, पॉलीट्रॉमा, यूरोलॉजी, नेत्र चिकित्सा और अन्य विशेषज्ञ उपचार सेवाएं उपलब्ध हैं। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. रश्मि पंत ने कहा कि आयुष्मान कार्डधारकों को योजना के तहत उपचार प्राप्त करने में किसी भी तरह की परेशानी नहीं होनी चाहिए। यदि इलाज के दौरान अस्पताल में किसी प्रकार की समस्या, असुविधा या योजना से संबंधित शिकायत सामने आती है तो लाभार्थी तत्काल मुख्य चिकित्सा अधिकारी से संपर्क कर सकते हैं। स्वास्थ्य विभाग शिकायत का संज्ञान लेकर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करेगा। उन्होंने लाभार्थियों से अपील की कि आयुष्मान योजना का लाभ लेते समय किसी भी समस्या को लेकर चुप न रहें और संबंधित स्वास्थ्य अधिकारियों को इसकी जानकारी दें, ताकि पात्र मरीजों को योजना का लाभ सुचारू रूप से मिल सके।




