- 1 अक्टूबर को विश्वविद्यालय छात्र महासंघ का चुनाव
- कुलपति के निर्देश पर जारी हुआ कार्यक्रम
नैनीताल। कुमाऊं विश्वविद्यालय नैनीताल एवं उससे संबद्ध राजकीय महाविद्यालयों में छात्रसंघ चुनाव की तारीख घोषित कर दी गई है। विश्वविद्यालय प्रशासन के अनुसार 29 सितंबर 2026 को छात्रसंघ निर्वाचन कराया जाएगा, जबकि 1 अक्टूबर 2026 को विश्वविद्यालय छात्र महासंघ निर्वाचन संपन्न होगा। यह निर्णय कुमाऊं विश्वविद्यालय नैनीताल, सोबन सिंह जीना विश्वविद्यालय अल्मोड़ा और श्रीदेव सुमन विश्वविद्यालय टिहरी के कुलपतियों की संयुक्त बैठक में लिए गए निर्णय के बाद किया गया है।

कुमाऊं विश्वविद्यालय के कुलपति के निर्देश पर कुलसचिव की ओर से निर्वाचन कार्यक्रम की जानकारी जारी की गई। चुनाव की तारीख सामने आने के साथ ही विश्वविद्यालय परिसर और संबद्ध राजकीय महाविद्यालयों में छात्र राजनीति भी तेज होने की संभावना है। छात्र संगठन अब चुनावी तैयारियों, प्रत्याशियों के चयन और प्रचार-प्रसार को लेकर सक्रिय होंगे।





