- राजनीतिक बयानबाजी में मर्यादा बनाए रखने की कांग्रेस की नसीहत
- भाजपा पर जन मुद्दों से ध्यान भटकाने का आरोप
हल्द्वानी। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन द्वारा नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी को लेकर की गई कथित आपत्तिजनक टिप्पणी के विरोध में गुरुवार को हल्द्वानी में कांग्रेस कार्यकर्ताओं का गुस्सा फूट पड़ा। जिला एवं महानगर कांग्रेस कमेटी के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने जोरदार प्रदर्शन करते हुए नितिन नवीन का पुतला दहन किया और भाजपा के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि राजनीतिक विरोध लोकतंत्र का हिस्सा है, लेकिन व्यक्तिगत और अमर्यादित टिप्पणी लोकतांत्रिक मर्यादाओं के अनुरूप नहीं है। जिलाध्यक्ष राहुल छिमवाल और महानगर अध्यक्ष एडवोकेट गोविन्द सिंह बिष्ट ने कहा कि भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष द्वारा राहुल गांधी के खिलाफ जिस भाषा का इस्तेमाल किया गया, वह राजनीतिक शुचिता और लोकतांत्रिक मूल्यों के खिलाफ है। उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी लगातार जनता से जुड़े मुद्दों को उठा रहे हैं और उनकी बढ़ती स्वीकार्यता से भाजपा नेतृत्व परेशान है।
प्रदेश कांग्रेस उपाध्यक्ष सतीश नैनवाल, प्रदेश महासचिव संजय किरोला और प्रदेश सचिव हिमांशु जोशी ने कहा कि भाजपा नेताओं को अपने पद की गरिमा का ध्यान रखना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि महंगाई, बेरोजगारी, भ्रष्टाचार, पलायन और जनसमस्याओं जैसे मुद्दों पर जवाब देने के बजाय भाजपा विपक्षी नेताओं पर व्यक्तिगत टिप्पणियां कर रही है। महिला कांग्रेस की कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष जया कर्नाटक और महिला महानगर कांग्रेस अध्यक्ष मधु सांगुड़ी ने भी भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि महिलाओं, युवाओं, किसानों और आम जनता से जुड़े सवालों का जवाब दिया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि विपक्षी नेताओं के खिलाफ अमर्यादित भाषा का इस्तेमाल लोकतांत्रिक राजनीति के लिए उचित नहीं है। प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भाजपा के खिलाफ नारेबाजी करते हुए कहा कि व्यक्तिगत टिप्पणियों के जरिए राहुल गांधी की आवाज को दबाया नहीं जा सकता। कांग्रेस नेताओं ने दोहराया कि पार्टी जनहित, संविधान और लोकतांत्रिक मूल्यों से जुड़े मुद्दों को लेकर आगे भी आवाज उठाती रहेगी।





