- प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में पहुंचे राष्ट्रीय अध्यक्ष, मुख्यमंत्री धामी ने की अगवानी, दो दिन तक कुमाऊं में रहेंगे
हल्द्वानी। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के हल्द्वानी पहुंचने पर पार्टी कार्यकर्ताओं में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। प्रदेश कार्यसमिति की बैठक के दूसरे सत्र में शामिल होने पहुंचे राष्ट्रीय अध्यक्ष का कार्यकर्ताओं ने ढोल-नगाड़ों और जोरदार नारेबाजी के बीच गर्मजोशी से स्वागत किया। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उनकी अगवानी की, जिसके बाद प्रदेश कार्यसमिति के द्वितीय सत्र की शुरुआत हुई।
राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के दौरे को भाजपा के संगठनात्मक और आगामी चुनावी तैयारियों के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। बैठक में संगठन को मजबूत करने, कार्यकर्ताओं की भूमिका और आगामी राजनीतिक चुनौतियों को लेकर मंथन होने की संभावना है। राष्ट्रीय अध्यक्ष अगले दो दिनों तक नैनीताल और ऊधमसिंह नगर जिलों में विभिन्न कार्यक्रमों में शिरकत करेंगे। उनके दौरे को लेकर भाजपा कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह है और पार्टी संगठन इसे कुमाऊं में आगामी चुनावी तैयारियों को धार देने के लिहाज से अहम मान रहा है।


