- सुनवाई को लेकर सुबह से क्षेत्र में रही हलचल, पुलिस-प्रशासन ने किए थे व्यापक सुरक्षा इंतजाम
हल्द्वानी। बनभूलपुरा रेलवे भूमि प्रकरण में बुधवार को सुप्रीम कोर्ट में प्रस्तावित सुनवाई नहीं हो सकी। मामले की सुनवाई को लेकर सुबह से बनभूलपुरा क्षेत्र में बनी हलचल के बीच अब अगली सुनवाई की तारीख 17 सितंबर 2026 कंप्यूटर जनरेटेड सूची में दिखाई दे रही है। ऐसे में रेलवे भूमि प्रकरण से जुड़े पक्षों और क्षेत्रवासियों की निगाहें अब अगली सुनवाई पर टिक गई हैं। बनभूलपुरा रेलवे भूमि अतिक्रमण का यह मामला लंबे समय से सुप्रीम कोर्ट में विचाराधीन है और हर सुनवाई को लेकर क्षेत्र में खासा माहौल बना रहता है।

बुधवार को प्रस्तावित सुनवाई को देखते हुए नैनीताल पुलिस और प्रशासन पहले से ही पूरी तरह अलर्ट मोड पर था। संवेदनशीलता को देखते हुए बनभूलपुरा क्षेत्र में भारी पुलिस बल तैनात किया गया था, जबकि ड्रोन और अन्य माध्यमों से लगातार निगरानी की व्यवस्था भी की गई थी। हालांकि, बुधवार को शीर्ष अदालत में मामले की सुनवाई नहीं हो सकी। अब कंप्यूटर जनरेटेड लिस्टिंग के अनुसार संभावित 17 सितंबर की तारीख सामने आने के बाद प्रकरण को लेकर एक बार फिर चर्चाएं तेज हो गई हैं। क्षेत्र में शांति और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस की निगरानी लगातार जारी रहने की संभावना है। रेलवे भूमि से जुड़े इस संवेदनशील मामले में अब अगली सुनवाई में अदालत का रुख क्या रहता है और मामले की आगे की कानूनी दिशा क्या तय होती है, इस पर सभी की नजरें रहेंगी।


