- SSP मंजूनाथ टीसी ने किया संवेदनशील क्षेत्र का निरीक्षण, 2 सुपर जोन और 4 जोन में बांटा गया इलाका, ड्रोन से होगी निगरानी
हल्द्वानी। बनभूलपुरा रेलवे भूमि प्रकरण में आज सुप्रीम कोर्ट में होने वाली अहम सुनवाई को लेकर नैनीताल पुलिस पूरी तरह हाई अलर्ट मोड पर है। किसी भी संभावित स्थिति से निपटने और क्षेत्र में शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस ने बनभूलपुरा में व्यापक सुरक्षा व्यवस्था लागू की है। बुधवार सुबह एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी ने क्षेत्र का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया। सुरक्षा व्यवस्था के तहत पूरे क्षेत्र को 2 सुपर जोन और 4 जोन में बांटा गया है। मौके पर 2 एसपी, 5 सीओ, 15 इंस्पेक्टर/थाना प्रभारी, 10 चौकी प्रभारी, 45 उपनिरीक्षक/अपर उपनिरीक्षक तथा 182 हेड कांस्टेबल/कांस्टेबल और 47 महिला पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। इसके अलावा पीएसी की दो कंपनियां और दो विशेष ड्रोन टीमें भी सुरक्षा व्यवस्था में शामिल हैं। पुलिस ने संवेदनशील परिस्थितियों से निपटने के लिए अग्निशमन विभाग की चार यूनिट, यातायात पुलिस की चार टीमें, एक बम निरोधक दस्ता, दो हॉक पुलिस यूनिट, दो टीयर गैस टीमें, दो एंटी रायट टीमें और दो फायरिंग स्क्वाड भी तैयार रखे हैं।
जरूरत पड़ने पर पुलिस लाइन से अतिरिक्त बल और अन्य विशेष संसाधन भी मौके पर भेजे जाएंगे। बनभूलपुरा क्षेत्र में धरातलीय निगरानी के साथ हवाई निगरानी भी की जा रही है। ड्रोन के जरिए छतों, गलियों और संवेदनशील स्थानों पर नजर रखी जाएगी। वहीं सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर भी पुलिस की विशेष निगरानी है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अफवाह फैलाने, भ्रामक अथवा भड़काऊ पोस्ट प्रसारित करने और माहौल खराब करने की कोशिश करने वालों के खिलाफ कड़ी वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने चेतावनी दी है कि किसी भी व्यक्ति द्वारा उपद्रव या हिंसा की नीयत से छतों पर पत्थर, रोड़ी, ईंट, मलबा, हथियार अथवा हथियारनुमा वस्तुएं जमा किए जाने पर तत्काल कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ऐसे किसी भी प्रयास को गंभीरता से लेते हुए संबंधित व्यक्ति के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करेगी। नैनीताल पुलिस ने क्षेत्रवासियों से अपील की है कि वे सुप्रीम कोर्ट के निर्णय का सम्मान करें, शांति और सौहार्द बनाए रखें तथा पुलिस-प्रशासन का सहयोग करें। पुलिस ने लोगों से सोशल मीडिया पर किसी भी अपुष्ट सूचना को साझा नहीं करने की भी अपील की है।


