- दो दिन के सघन चेकिंग अभियान में यातायात नियमों की अनदेखी पर कार्रवाई
- बिना हेलमेट और ट्रिपल राइडिंग सबसे बड़ी लापरवाही
हल्द्वानी। सड़क हादसों पर अंकुश लगाने और यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित कराने के लिए परिवहन विभाग ने हल्द्वानी संभाग में दो दिवसीय विशेष सघन चेकिंग अभियान चलाकर बड़ी कार्रवाई की है। 7 और 8 सितंबर को नैनीताल, ऊधमसिंह नगर और चम्पावत में चले अभियान के दौरान 1,005 वाहनों के चालान किए गए, जबकि गंभीर अनियमितताओं पर 37 वाहन सीज कर दिए गए। संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन एवं सड़क सुरक्षा) अरविन्द पाण्डेय के निर्देश पर चले अभियान में सबसे अधिक कार्रवाई ऊधमसिंह नगर में हुई, जहां 566 वाहनों के चालान और 22 वाहन सीज किए गए। नैनीताल में 329 चालान के साथ 11 वाहन सीज हुए, जबकि चम्पावत में 110 वाहनों के चालान और चार वाहन सीज किए गए।
अभियान में यातायात नियमों की अनदेखी की सबसे बड़ी तस्वीर बिना हेलमेट वाहन चलाने और सहयात्री को बिना हेलमेट बैठाने के मामलों में सामने आई। संभाग में 661 चालक बिना हेलमेट और 594 सहयात्री बिना हेलमेट पाए गए। इसके अलावा स्टंट और ट्रिपल राइडिंग के 95, बिना सीट बेल्ट के 75, बिना वैध प्रपत्र के 126 तथा बिना ड्राइविंग लाइसेंस के 56 मामलों में कार्रवाई की गई। काली फिल्म के इस्तेमाल पर भी तीन वाहनों के खिलाफ चालान किया गया। हल्द्वानी शहर के प्रमुख मार्गों और परिवहन निगम व केएमओयू बस स्टेशन के आसपास अनधिकृत रूप से सवारियां भरने वाले टैक्सी-मैक्सी वाहनों के खिलाफ भी परिवहन विभाग ने कार्रवाई की। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि सड़क सुरक्षा से खिलवाड़ करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ आगे भी अभियान लगातार जारी रहेगा। संभागीय परिवहन अधिकारी अरविन्द पाण्डेय ने वाहन चालकों से अपील की कि दोपहिया वाहन पर चालक और सहयात्री दोनों मानक आईएसआई हेलमेट का इस्तेमाल करें, चारपहिया वाहनों में सीट बेल्ट लगाएं, स्टंट और ट्रिपल राइडिंग से बचें तथा वाहन के सभी वैध दस्तावेज साथ रखें।




