- ₹17 हजार से ₹30 हजार करने की मांग, नियमित इंटर्नशिप ड्यूटी से दूरी, आपातकालीन सेवाएं जारी
हल्द्वानी। राजकीय मेडिकल कॉलेज हल्द्वानी के एमबीबीएस इंटर्न डॉक्टरों की मासिक स्टाइपेंड बढ़ाने की मांग को लेकर शुरू हुई अनिश्चितकालीन हड़ताल मंगलवार को दूसरे दिन भी जारी रही। डॉ. सुशीला तिवारी अस्पताल परिसर में इंटर्न डॉक्टरों ने प्रदर्शन करते हुए वर्तमान ₹17 हजार मासिक स्टाइपेंड को बढ़ाकर ₹30 हजार करने की मांग दोहराई। डॉक्टरों का कहना है कि मौजूदा महंगाई और अन्य राज्यों में मिल रहे स्टाइपेंड की तुलना में उन्हें दी जा रही राशि अपर्याप्त है। इंटर्न डॉक्टरों के मुताबिक स्टाइपेंड बढ़ाने की मांग को लेकर शासन और संबंधित अधिकारियों के समक्ष पहले भी कई बार अपनी बात रखी गई, लेकिन सकारात्मक निर्णय नहीं होने के बाद उन्हें अनिश्चितकालीन आंदोलन का रास्ता अपनाना पड़ा। हड़ताल के दौरान इंटर्न डॉक्टर ओपीडी, आईपीडी, वार्ड और विभागीय नियमित इंटर्नशिप ड्यूटी से दूर हैं।
हालांकि, मरीजों की गंभीरता को देखते हुए इंटर्न डॉक्टरों ने आपातकालीन सेवाओं को हड़ताल से बाहर रखा है। उनका कहना है कि आंदोलन पूरी तरह शांतिपूर्ण और लोकतांत्रिक तरीके से किया जा रहा है। डॉक्टर प्रतिदिन सुबह 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक अस्पताल परिसर में प्रदर्शन कर रहे हैं। इंटर्न डॉक्टरों ने साफ किया है कि उनकी मुख्य मांग पर शासन की ओर से सकारात्मक और लिखित निर्णय होने तक आंदोलन जारी रहेगा। लगातार दूसरे दिन हड़ताल के बीच अब स्वास्थ्य विभाग और शासन के रुख पर सभी की निगाहें टिकी हैं। यदि जल्द समाधान नहीं निकला तो अस्पताल की नियमित व्यवस्थाओं पर इसका असर और बढ़ने की आशंका है।




