- 2.35 लाख नोटिसों पर 100% सुनवाई पूरी, 15 सितंबर को होगा अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन
हल्द्वानी। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर चल रहे विशेष गहन पुनरीक्षण SIR-2026 को लेकर सोमवार को तहसील हल्द्वानी स्थित एनआईसी कक्ष में मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ साप्ताहिक बैठक आयोजित की गई। बैठक में राजनीतिक दलों के सवालों और आपत्तियों का प्रशासन की ओर से निस्तारण किया गया। बारिश के कारण सुनवाई में शामिल नहीं हो सके मतदाताओं को अतिरिक्त अवसर देने का भी निर्णय स्पष्ट किया गया। उप जिला निर्वाचन अधिकारी एवं अपर जिलाधिकारी प्रशासन विवेक राय ने बताया कि SIR को लेकर राजनीतिक दलों के साथ प्रत्येक सोमवार को बैठक की जा रही है। सोमवार की बैठक में ऑफलाइन और ऑनलाइन माध्यम से राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि तथा संबंधित ERO शामिल हुए। प्रतिनिधियों की ओर से उठाए गए सवालों और समस्याओं का मौके पर समाधान किया गया। उन्होंने बताया कि बारिश के कारण कुछ मतदाता निर्धारित सुनवाई में उपस्थित नहीं हो सके हैं। ऐसे मतदाताओं को संबंधित बूथों पर पहुंचकर अपनी बात रखने का अवसर दिया जा रहा है। 7 से 9 सितंबर तक निर्धारित सुनवाई के बाद भी जो लोग बारिश या अन्य कारणों से उपस्थित नहीं हो पाएंगे, उनके लिए 10 और 11 सितंबर को अतिरिक्त अवसर उपलब्ध रहेगा।
प्रशासन ने स्पष्ट किया कि SIR की निर्धारित समय-सीमा बढ़ाने की फिलहाल कोई आवश्यकता नहीं है। विवेक राय ने कहा कि सुनवाई की प्रक्रिया निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार चल रही है और 9 सितंबर तक मुख्य सुनवाई पूरी हो जाएगी। जिला निर्वाचन अधिकारी ने नोटिस प्राप्त करने वाले मतदाताओं से अपील की है कि वे अपनी समस्या और आवश्यक दस्तावेज संबंधित ARO के समक्ष प्रस्तुत करें। किसी भी प्रकार की समस्या होने पर निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी, सहायक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी अथवा निर्वाचन कार्यालय से संपर्क किया जा सकता है। प्रशासन के अनुसार जनपद में कुल 6,93,325 मतदाता हैं और जारी किए गए करीब 2,35,000 नोटिसों पर 100 प्रतिशत सुनवाई पूरी कर ली गई है। SIR-2026 के तहत अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन 15 सितंबर 2026 को किया जाएगा।
बैठक में एसडीएम हल्द्वानी मोनिका, एसडीएम कालाढूंगी सुधीर कुमार, सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी हंसा दत्त पांडे, तहसीलदार कुलदीप पांडे सहित कांग्रेस, भाजपा, बसपा और अन्य मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।




