- जर्जर और क्षतिग्रस्त विद्युत पोलों को बदलने
- अर्थिंग की जांच और नियमित निरीक्षण की मांग
- जनसुरक्षा को लेकर सौंपा ज्ञापन
हल्द्वानी। शहर में जर्जर विद्युत पोलों और उनमें करंट आने की शिकायतों को लेकर समाजसेवी उवैस राजा ने बुधवार को अपने साथियों के साथ उत्तराखंड पावर कॉरपोरेशन लिमिटेड (UPCL) के अधिशासी अभियंता को ज्ञापन सौंपकर तत्काल कार्रवाई की मांग की। उन्होंने कहा कि विद्युत पोलों की खराब स्थिति आमजन की सुरक्षा के लिए गंभीर चिंता का विषय है और किसी बड़े हादसे से पहले विभाग को प्रभावी कदम उठाने चाहिए। ज्ञापन में उवैस राजा ने मांग की कि जिन विद्युत पोलों में करंट आने की शिकायत है, उनकी तत्काल जांच कराकर समस्या को दूर किया जाए। साथ ही जर्जर और क्षतिग्रस्त पोलों को चिन्हित कर उन्हें बिना देरी के बदला जाए, ताकि राहगीरों और आसपास रहने वाले लोगों को किसी तरह के हादसे का सामना न करना पड़े।
उन्होंने विद्युत पोलों की अर्थिंग और अन्य विद्युत सुरक्षा व्यवस्थाओं की भी उचित जांच कराने की मांग उठाई। उनका कहना है कि कई स्थानों पर विद्युत पोलों की स्थिति ऐसी है, जहां समय रहते मरम्मत अथवा बदलाव नहीं किया गया तो दुर्घटना की आशंका बनी रह सकती है। समाजसेवी उवैस राजा ने ज्ञापन के माध्यम से UPCL से आमजन की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए विद्युत पोलों का नियमित निरीक्षण कराने और आवश्यक मरम्मत की व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की। उन्होंने कहा कि विद्युत व्यवस्था से जुड़ी छोटी सी लापरवाही भी बड़े हादसे का कारण बन सकती है, इसलिए शिकायतों पर तत्काल संज्ञान लिया जाना जरूरी है। ज्ञापन में विभाग से जनहित एवं सुरक्षा की दृष्टि से सभी आवश्यक कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूरा करने का आग्रह किया गया है।




