- बाढ़ चौकियां सक्रिय, संवेदनशील इलाकों में निगरानी तेज
- मलबा हटाने को JCB और मशीनें तैनात, बारिश थमते ही युद्धस्तर पर चलेगा अभियान
नैनीताल। उत्तराखंड के नैनीताल जिले में लगातार हो रही बारिश ने प्रशासन की चिंता बढ़ा दी है। वर्षा के चलते ग्रामीण संपर्क मार्गों पर मलबा आने से करीब दो दर्जन सड़कें अवरुद्ध हो गई हैं। हालात को देखते हुए जिला प्रशासन को अलर्ट मोड पर रखा गया है, मैदानी क्षेत्रों में बाढ़ चौकियां सक्रिय कर दी गई हैं और संवेदनशील स्थानों पर जलस्तर की लगातार निगरानी की जा रही है। जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने अधिकारियों और सड़क निर्माण एजेंसियों को बंद मार्गों को जल्द खोलने के निर्देश दिए हैं। जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने बताया कि जिले में लगातार हो रही वर्षा को देखते हुए सुरक्षा और राहत व्यवस्था पर प्रशासन की पैनी नजर है। मैदानी क्षेत्रों में बाढ़ चौकियों को सक्रिय कर सभी चौकियों पर कर्मचारियों की तैनाती कर दी गई है। संबंधित क्षेत्रों में जलस्तर की लगातार निगरानी की जा रही है, ताकि किसी भी संभावित खतरे की स्थिति में तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया जा सके। बारिश के कारण ग्रामीण क्षेत्रों में कई संपर्क मार्गों पर मलबा आने की सूचना मिली है। प्रशासन के अनुसार करीब दो दर्जन ग्रामीण सड़कें अवरुद्ध हैं। इन मार्गों को खोलने के लिए विभिन्न स्थानों पर JCB और अन्य मशीनरी तैनात कर दी गई है।
जिलाधिकारी ने कहा कि बारिश थमते ही बंद सड़कों को खोलने का अभियान युद्धस्तर पर चलाया जाएगा, ताकि ग्रामीण क्षेत्रों में आवागमन जल्द से जल्द सामान्य किया जा सके।लगातार बारिश के बीच जिलाधिकारी ने नदी, नालों, जल स्रोतों और तेज बहाव वाली बरसाती नदियों के आसपास रहने वाले लोगों से विशेष सावधानी बरतने की अपील की है। उन्होंने लोगों से कहा कि वे अनावश्यक रूप से घर से बाहर न निकलें और सुरक्षित स्थान पर रहें। कॉज-वे और बरसाती नालों को पार करने या उनके आसपास जाने का जोखिम बिल्कुल न उठाएं, क्योंकि अचानक जलस्तर बढ़ने से खतरा पैदा हो सकता है। जिले में आने-जाने वाले पर्यटकों और यात्रियों से भी सुरक्षित यातायात करने की अपील की गई है। प्रशासन ने लोगों से मौसम की स्थिति को देखते हुए यात्रा करने और जारी दिशा-निर्देशों व सुरक्षा उपायों का पालन करने को कहा है। जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि किसी भी आपात स्थिति में नागरिक जिला आपदा कंट्रोल रूम के टोल फ्री नंबरों पर संपर्क कर सकते हैं। जिलाधिकारी ने कहा कि प्रशासन की टीमें 24 घंटे मुस्तैद हैं और वर्षा से उत्पन्न किसी भी स्थिति से निपटने के लिए संबंधित विभागों को आवश्यक निर्देश दिए गए हैं। फिलहाल प्रशासन का पूरा फोकस संवेदनशील क्षेत्रों की निगरानी, बंद सड़कों को खोलने और आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करने पर है।




