- पिता-पुत्री की करंट से मौत के बाद भी नहीं चेता विभाग, जर्जर पोल और बिजली के तारों को लेकर उठे गंभीर सवाल
हल्द्वानी। बनभूलपुरा क्षेत्र में बिजली के जर्जर पोल और उनमें करंट आने की शिकायतों के बीच शुक्रवार को एक और गंभीर हादसा होते-होते टल गया। वार्ड नंबर 25 में 11 हजार वोल्ट की लाइन का एक बिजली पोल अचानक गिर पड़ा। गनीमत रही कि पोल एक मकान से अटक गया, जिससे बड़ा हादसा टल गया। घटना के समय लोग नमाज के लिए जा रहे थे, ऐसे में पोल गिरने से क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों का आरोप है कि बनभूलपुरा क्षेत्र में कई बिजली के पोल लंबे समय से जर्जर हालत में हैं। कई पोल की जड़ें तक गल चुकी हैं, जबकि बिजली के तारों का बढ़ता जाल और बढ़ता विद्युत भार भी व्यवस्था पर सवाल खड़े कर रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि कई स्थानों पर बिजली के पोल में करंट आने की शिकायतें भी लगातार सामने आ रही हैं, लेकिन विद्युत विभाग की ओर से प्रभावी कार्रवाई नहीं की जा रही है।
ब्लॉक उपाध्यक्ष एवं पूर्व जिला उपाध्यक्ष यूथ कांग्रेस शाहनवाज मलिक ने विद्युत विभाग के रवैये को गैरजिम्मेदाराना बताते हुए कहा कि कुछ दिन पहले ही क्षेत्र में करंट की चपेट में आने से पिता-पुत्री की दर्दनाक मौत हो चुकी है। इसके बावजूद बिजली के पोल और तारों की स्थिति में अपेक्षित सुधार नहीं हुआ है। उन्होंने आरोप लगाया कि क्षेत्र के कई पोलों को टेस्टर से जांचने पर उनमें करंट आने की बात सामने आ रही है, जो आम लोगों की सुरक्षा के लिए गंभीर खतरा है। शाहनवाज मलिक ने कहा कि शुक्रवार को 11 हजार वोल्ट की लाइन का पोल गिरना विभाग की कार्यप्रणाली पर बड़ा सवाल है। यदि यह पोल किसी राहगीर या व्यक्ति के ऊपर गिर जाता तो जानमाल का बड़ा नुकसान हो सकता था।उन्होंने विद्युत विभाग से बनभूलपुरा क्षेत्र के सभी जर्जर पोलों और विद्युत लाइनों की तत्काल जांच कराने तथा खतरा बने पोलों को बदलने की मांग की है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि विद्युत विभाग ने जल्द ही जर्जर पोलों, खुले तारों और पोल में करंट आने जैसी समस्याओं का स्थायी समाधान नहीं किया तो क्षेत्रवासियों के साथ मिलकर विद्युत विभाग के खिलाफ धरना-प्रदर्शन किया जाएगा।











