- 19 वर्षीय युवती की हत्या का सनसनीखेज खुलासा
- 200 से अधिक CCTV फुटेज और मोबाइल लोकेशन ने खोला राज, डंपर से आला-ए-कत्ल बरामद
काशीपुर। धनौरी पट्टी में सड़क किनारे 19 वर्षीय युवती का शव मिलने के मामले में ऊधम सिंह नगर पुलिस ने महज 72 घंटे में ब्लाइंड मर्डर का खुलासा कर दिया है। एसएसपी अजय गणपति के सख्त निर्देश पर काशीपुर पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों, मोबाइल लोकेशन, सीडीआर और करीब 200 से 250 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर हत्या की कड़ियां जोड़ते हुए डंपर चालक समेत दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने वारदात में प्रयुक्त डंपर, लोहे का हुक और मृतका का मोबाइल व बैग भी बरामद किया है। पुलिस के मुताबिक 20 अगस्त की सुबह रामनगर रोड स्थित धनौरी पट्टी के पास युवती का शव मिला था। सिर पर गंभीर चोट के निशान मिलने के बाद प्रथम दृष्टया हत्या की आशंका जताई गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी अजय गणपति ने पुलिस टीमों को तत्काल घटना के खुलासे के निर्देश दिए। जांच के दौरान मृतका के घर से घटनास्थल तक के संभावित रास्तों की CCTV फुटेज खंगाली गई, जिसमें घटना के समय संदिग्ध डंपर UK15CA-1437 की गतिविधियां सामने आईं।तकनीकी जांच में मृतका की मोबाइल लोकेशन और संदिग्धों की लोकेशन को खंगालने के बाद पुलिस डंपर चालक राजू और उसके साथी सुमित तक पहुंची।
पूछताछ में पुलिस के अनुसार दोनों ने घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की। पुलिस का दावा है कि युवती को डंपर में बैठाने के बाद एक सुनसान स्थान पर उसके साथ जबरदस्ती का प्रयास किया गया। विरोध करने पर आरोपी ने डंपर में रखे लोहे के हुक से उसके सिर पर वार किए, जिससे उसकी मौत हो गई। इसके बाद शव को सड़क किनारे फेंक दिया गया। पुलिस के अनुसार आरोपियों ने जांच को भटकाने के लिए मृतका का मोबाइल डंपर से उतारकर सड़क पर रख दिया था, लेकिन CCTV फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों ने पूरी साजिश का पर्दाफाश कर दिया। आरोपियों की निशानदेही पर डंपर से लोहे का हुक, मृतका का बैग, आधार कार्ड, बैंक पासबुक और आयुष्मान कार्ड बरामद किए गए। घटना के समय आरोपियों द्वारा पहने गए कपड़े भी पुलिस ने कब्जे में लिए हैं। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान राजू पुत्र ललित, निवासी कचनालगुसाई, उम्र 39 वर्ष और सुमित पुत्र राजू, निवासी धनौरी पट्टी लक्ष्मीपुर, उम्र 19 वर्ष के रूप में हुई है। पुलिस अब मामले में बरामद साक्ष्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई कर रही है। एसएसपी अजय गणपति ने कहा कि अपराधी कितना भी शातिर क्यों न हो, पुलिस की तकनीकी जांच और सतर्कता से बच नहीं सकता। उन्होंने स्पष्ट किया कि कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ ऊधमसिंह नगर पुलिस की कार्रवाई आगे भी सख्ती से जारी रहेगी।





